सीधी: सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर 2 बार क्यों टली कार्रवाई? 14 अक्टूबर को होगा फैसला
सीधी जिले की एठी ग्राम पंचायत में सरपंच अंजनी सिंह गौड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया दो बार टल गई. 9 और 12 अक्टूबर को कार्रवाई नहीं होने से पंचों में नाराजगी है. तहसीलदार ने चुनावी प्रशिक्षण को वजह बताया है. अब 14 अक्टूबर को प्रक्रिया पूरी कराने की नई तारीख तय की गई है.
मध्य प्रदेश के सीधी जिले की एठी ग्राम पंचायत में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया बार-बार टलने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. कार्रवाई के लिए पहले 9 अक्टूबर और फिर 12 अक्टूबर की तारीख तय की गई थी, लेकिन दोनों ही बार प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी. सोमवार को करीब 20 पंच निर्धारित कार्रवाई के लिए पंचायत भवन पहुंचे, लेकिन उन्हें बिना कार्रवाई के ही वापस लौटना पड़ा.
पंचों का आरोप है कि अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया के लिए तारीख तय करने के साथ ही संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई थी. इसके बावजूद निर्धारित दिन कार्रवाई नहीं हुई और तारीख आगे बढ़ाए जाने की सूचना भी समय पर नहीं दी गई.
टलने की वजह
मामले में उस समय सवाल और गहरा गए, जब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पीठासीन अधिकारी और तहसीलदार राकेश शुक्ला मौके पर नहीं पहुंचे. इसके बाद कार्रवाई टलने की वजह सामने आई. तहसीलदार ने चुनावी प्रशिक्षण को प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने का कारण बताया है.
समय पर सूचना क्यों नहीं?
हालांकि, सवाल यह है कि जब चुनावी प्रशिक्षण पहले से निर्धारित था, तो फिर उसी दिन कार्रवाई की तारीख क्यों तय की गई? अगर तारीख में बदलाव किया गया था, तो संबंधित पंचों को समय रहते इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई? प्रशासनिक स्तर पर समन्वय की कमी थी या फिर प्रक्रिया के संचालन में लापरवाही हुई? इन सवालों के जवाब अब भी सामने आने बाकी हैं.
पंचों में नाराजगी
सरपंच अंजनी सिंह गौड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया लगातार टलने से पंचों में नाराजगी है. अब इसके लिए 14 अक्टूबर की नई तारीख तय की गई है. ऐसे में निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या प्रशासन इस बार तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रक्रिया पूरी करा पाएगा या पंचों को एक बार फिर इंतजार करना पड़ेगा.