)
शाजापुर जिले के शरद नगर में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे की 79 वर्षीय माता उषा दुबे की गोली लगने से मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी कीर्ति बघेल लालघाटी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची.
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उस कमरे को सील कर दिया है. जहां उषा दुबे की गोली लगी थी. वहीं मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक, उषा दुबे बड़े बेटे विवेक दुबे के साथ रहती है. इसके बाद 12 बजे के लगभग दीपावली की तैयारियां करवाने के लिए अपने छोटे बेटे विजय दुबे के शरद नगर स्थित घर आई हुई थीं. दोनों भाइयों के घर पास-पास स्थित है. छोटे बेटे के घर पर उनके दाहिने कंधे के पास गोली लग गई. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल उषा दुबे को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया. जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में गोली लगने के कारण मौत का पता नहीं चल पाया है. गोली किस परिस्थिति में और कैसे, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस ने घटनास्थल वाले कमरे को सील कर दिया है. साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं.
बताया जा रहा है कि उषा दुबे के पति शरद दुबे पुलिस अधिकारी रह चुके हैं. उनके दो बेटे विवेक दुबे और विजय दुबे हैं. बड़े बेटे विवेक विगत दिनों जिला शिक्षा अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और छोटे बेटे विजय भी शासकीय नौकरी में हैं. घटना की खबर फैलते ही शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.
ये भी पढ़ेंः शाजापुर में दीवाली के दिन खून की होली, कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पक्षों में झड़प, 20 लोग गंभीर घायल
इस संबंध में एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि थाना लालघाटी क्षेत्र के शरद नगर में गोली चलने की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उषा दुबे की गोली लगने से मौत हुई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है. फिलहाल, मौत के कारणों और गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
(रिपोर्टः मनोज जैन, शाजापुर)