)
बागेश्वर धाम को लेकर चल रहे विवाद के बीच साध्वी हर्षानंद गिरी उर्फ हर्षा रिछारिया ने एक नया वीडियो जारी कर हलचल मचा दी है. उन्होंने दावा किया है कि उन्हें लगातार गंदे कमेंट्स, मैसेज, ई-मेल और धमकियां मिल रही हैं. हर्षा ने आरोप लगाया कि पावर और पैसे के दम पर उनके पुराने वीडियो का ऑडियो हटवा दिया गया, लेकिन वह उसे दोबारा पोस्ट करेंगी. उन्होंने कहा कि उन्हें डराने-धमकाने की गलती न की जाए, क्योंकि आज तक कोई उन्हें डरा नहीं पाया है. हालांकि, उन्होंने अपने वीडियो में किसी संत, व्यक्ति, आश्रम या संस्था का नाम नहीं लिया है और उनके धमकी वाले दावे की पुष्टि भी फिलहाल नहीं हुई है.
बागेश्वर बाबा के बयान पर उठाए थे सवाल
दरअसल, साध्वी हर्षा ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के एक बयान पर सवाल उठाए थे. जिसमें धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि महिलाएं अकेले धाम न आएं. अगर आती भी हैं तो किसी अनजान व्यक्ति या सेवादार पर आंख बंद करके भरोसा न करें. उन्होंने कहा था कि मंदिर और हॉल की सुरक्षा तो वह देख सकते हैं, लेकिन पूरे 5 किलोमीटर के इलाके की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनकी नहीं है. साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा था कि धाम में ज्यादा देर न रुकें और अपने सामान और सुरक्षा का खुद ध्यान रखें. इसी बात पर हर्षा ने सवाल उठाया था. उन्होंने कहा था कि जब आश्रम के प्रमुख को ही अपने सेवादारों पर भरोसा नहीं है, तो बाहर से आने वाला व्यक्ति उन पर कैसे भरोसा करेगा.
हर्षा ने लोगों को सलाह दी थी कि दर्शन के बाद धाम में ज्यादा समय न बिताएं और सीधे घर लौट जाएं. अपने नए वीडियो में भी उन्होंने कहा है कि वह अब भी अपनी उस सलाह पर कायम हैं.
नए वीडियो में हर्षा ने क्या कहा?
साध्वी हर्षा ने कहा कि, हाल ही में कुछ दिनों पहले मैंने एक वीडियो पोस्ट किया था, जो एक संत के लिए था. जिन्होंने अपने आश्रम पर, अपने सेवादारों पर शंका जताई थी और महिलाओं, बेटियों से ये बोला था कि आप लोग अपनी जिम्मेदारी पर हमारे आश्रम आइए, हम आपकी सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं लेंगे. मैं अभी भी अपनी बात पर कायम हूं कि जिस आश्रम में महिलाओं, बहनों, बेटियों को बुलाया जा रहा है, अगर उस मठ के मठाधीश उनकी जिम्मेदारी नहीं ले रहे हैं, उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं ले रहे हैं, तो वो वहां किसके भरोसे आएंगी? आप अपने ही सेवादारों पर शंका जता रहे हैं, अपने सेवादारों पर आपको भरोसा नहीं है, तो कोई और आप पर या आपके आश्रम पर, आपके सेवादारों पर कैसे भरोसा करे?"
ऑडियो हटवा दिया गया- हर्षा
हर्षा ने आगे कहा कि पावर और पैसों का इस्तेमाल करके उन वीडियो का ऑडियो हटवा दिया गया, जिनमें मैंने ये बात बोली थी. हालांकि, मैं वापस उस वीडियो को पोस्ट करूंगी. कुछ उनके श्रद्धालु, उनके भक्त मुझे बहुत गंदा-गंदा बोलकर कमेंट कर रहे हैं, मैसेज कर रहे हैं, मेल कर रहे हैं, बहुत सारे DMs आ रहे हैं, जिसमें मुझे बहुत धमकी दी जा रही है. धमकियों से अगर मैं डर रही होती तो मैं आज यहाँ पर नहीं होती, फिर तो मैं कुंभ में ही डर के भाग गई होती, क्योंकि कुंभ में भी मुझे कम धमकियां नहीं मिली थीं.
"मुझे कुछ हुआ तो शंका उन्हीं पर जाएगी"
अपनी सुरक्षा को लेकर हर्षा ने कहा कि, अब बाकियों की सुरक्षा के लिए तो मैं आवाज उठा रही हूं, मेरी खुद की सुरक्षा के लिए जरूर बात आ जाती है कि अगर कल को मुझे कुछ होता है, जो ये धमकियां मुझे आ रही हैं, तो इसकी पूरी शंका उन्हीं पर जाएगी, जिनके ये श्रद्धालु मुझे धमकी दे रहे हैं.