SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिल्ली मेट्रो को बिजली दे रहा है एमपी का ये सोलर प्लांट, फिर भी आसपास के गांवों में तरस रहे लोग, ग्रामीणों ने सुनाई आपबीती

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बधवार पहाड़ पर 750 मेगावाट का सोलर प्लांट दिल्ली मेट्रो को बिजली दे रहा है, लेकिन आसपास के गांवों में बिजली नहीं पहुंच रही है. इसके अलावा, रोजगार से लेकर आने जाने के लिए रास्तों की भी बड़ी समस्याएं हैं. इस पर कलेक्टर ने आश्वासन दिया है.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 02, 2026, 06:09 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 06:13 PM IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

रीवा जिले के गुढ़ विधानसभा इलाके में स्थित बधवार पहाड़ आज देश के बड़े सौर ऊर्जा केंद्रों में अपनी पहचान बना चुका है. कभी यहां भारतीय सेना के युद्ध अभ्यास और तोपों की गड़गड़ाहट सुनाई देती थी, लेकिन आज हजारों सोलर पैनलों से ढका यह पहाड़ देश को स्वच्छ ऊर्जा देने में अहम भूमिका निभा रहा है.

यहां से बनने वाली बिजली दिल्ली मेट्रो तक पहुंचती है, लेकिन विडंबना देखिए कि इसी परियोजना के आसपास बसे गांवों के लोग आज भी बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं. जिस जमीन से देश को रोशनी मिल रही है, उसी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों का जीवन अंधेरे में रहने को मजबूर है.

3 इकाइयों में विकसित किया

बता दें कि बधवार पहाड़ पर करीब 1590 हेक्टेयर जमीन में स्थापित अल्ट्रा मेगा सोलर पावर प्रोजेक्ट की कुल क्षमता 750 मेगावाट है. इसे 250-250 मेगावाट की तीन इकाइयों में विकसित किया गया है. हजारों सोलर पैनलों के जरिए यहां सूर्य की रोशनी से बिजली का उत्पादन किया जाता है, जिसका एक हिस्सा दिल्ली मेट्रो को भी उपलब्ध कराया जाता है. लेकिन इस चमकदार तस्वीर का दूसरा पहलू भी है.

समस्याओं का समाधान नहीं

इस परियोजना से कई गांव ऐसे हैं, जिन पर भारी प्रभाव पड़ रहा है. इनमें डढ़वा, बरसयता, इटार, तमारा, बधवार और मनीकवार सहित आसपास के गांव शामिल बताए जा रहे हैं. इन गांवों के ग्रामीणों का आरोप है कि परियोजना की स्थापना के दौरान उन्हें 24 घंटे बिजली, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ.

गांवों तक बिजली क्यों नहीं

ग्रामीणों का सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब उनके क्षेत्र में 750 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है, तो फिर आसपास के गांवों को नियमित बिजली क्यों नहीं मिल पा रही? स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के दावे किए गए थे, लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं मिला. वहीं, ग्रामीणों ने सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद गर्मी की तपन बढ़ने की बात भी कही है.

रास्ता काफी लंबा हो गया

इस परियोजना का असर किसानों की जिंदगी पर भी पड़ने का दावा किया जा रहा है. किसानों का कहना है कि सोलर प्लांट का क्षेत्र उनके घर और खेतों के बीच आ जाने से खेतों तक पहुंचने का रास्ता काफी लंबा हो गया है. जहां पहले खेत घर से कुछ ही दूरी पर थे, वहीं अब कई किसानों को खेत तक पहुंचने के लिए 15 से 20 किलोमीटर तक का चक्कर लगाना पड़ रहा है.

किसानों को राहत नहीं मिली

ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना स्थापना के दौरान रास्ते की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया गया था, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हो सका. इस समस्या को लेकर स्थानीय विधायक की ओर से भी कई बार पत्राचार किया गया, बावजूद इसके किसानों को राहत नहीं मिली. ग्रामीणों का दावा है कि रास्ते की समस्या के चलते कई परिवारों के सामने खेती और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.

विकास का लाभ नहीं मिला

बधवार पहाड़ पर लगे हजारों सोलर पैनल देश को स्वच्छ ऊर्जा देने की कहानी बयां कर रहे हैं, लेकिन इनके आसपास बसे गांवों की तस्वीर कुछ अलग नजर आती है. ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी परियोजना स्थापित होने के बावजूद उन्हें विकास का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया. अपनी समस्याओं को लेकर ग्रामीण लगातार प्रशासन के चक्कर लगा रहे हैं और अब उन्होंने कलेक्टर के सामने भी अपनी बात रखी है.

ये भी पढ़ेंः बाहर का खाना खाने वाले हो जाएं सावधान! टॉयलेट के पानी से तैयार हो रहा था फास्ट फूड, मचा हड़कंप

कलेक्टर ने दिया आश्वासन

जब यह मामला मामला रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के पास पहुंचा तो उन्होंने कहा कि यह विषय अभी उनके संज्ञान में आया है. यदि ग्रामीणों को वास्तव में इस तरह की समस्याएं हैं, तो उनके प्रतिवेदन के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी और समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्टः अजय मिश्रा, रीवा)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES