SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पन्ना में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूब गए 5 युवक, 2 की मौत से पसरा मातम, अब उठे सवाल

पन्ना में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया है. पांच युवक पानी में डूब गए, जिनमें से तीन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. जबकि दो की दम घुटने से मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने जांच की बात कही है.

Written By Manish Kushawah
Published: Oct 22, 2026, 08:08 AM IST | Updated: Oct 22, 2026, 08:18 AM IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

पन्ना जिले के देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. गहरे पानी में चले जाने पांच युवक डूब गए. वहां मौजूद लोगों की तत्परता और प्रशासनिक रेस्क्यू टीम ने तुरंत तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो युवकों की पानी में दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे देवेंद्रनगर क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विसर्जन स्थल पर प्रशासन की ओर से गोताखोर मौजूद नहीं थे.

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान आयुष अग्रवाल (उम्र 18 वर्ष) और कृष्णा सोनी (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बचाए गए घायल युवकों में साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी शामिल हैं.

पांच युवक पानी में डूबे

मिली जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र नगर के कुछ स्थानीय युवा नवदुर्गा उत्सव की समाप्ति पर स्थापित की गई दुर्गा प्रतिमा को विसर्जित करने के लिए देवेंद्र नगर बांध पहुंचे थे. विसर्जन के दौरान जैसे ही युवक प्रतिमा को लेकर आगे बढ़े, अचानक पांचों युवक गहरे पानी में समा गए. युवकों को डूबता देख बांध किनारे खड़े अन्य लोगों में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग तुरंत ही युवकों को बचाने के लिए पानी में कूद गए.

दो युवकी की हुई मौत

मौके पर मौजूद लोगों की मदद से साहिल तिवारी, हरिओम द्विवेदी और करण सोनी को बेहद नाजुक स्थिति में पानी से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. काफी मशक्कत के बाद आयुष अग्रवाल और कृष्णा सोनी को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं. डॉक्टरों ने अस्पताल लाते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया.

ये भी पढ़ेंः दमोह में तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदी महिला, मां और दो बच्चों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

तीन को बचा लिया गया

बच्चों का इलाज करने वाले डॉक्टर अभिषेक जैन ने बताया कि मुझे जानकारी मिली है कि करीब पांच बच्चे विसर्जन के दौरान पानी में डूब गए थे. इनमें से तीन को बचा लिया गया है. उन्होंने बताया कि तीनों का इलाज किया जा रहा है. दो मृत अवस्था में अस्पताल लाए गए थे, जिनका पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. वहीं हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पन्ना एसपी निवेदिता नायडू पहुंचीं थी. जहां पर उन्होंने मौके का मुआयना किया. इस दौरान उन्होंने घटना के कारणों की जांच की बात कही.

(रिपोर्टः पीयूष शुक्ला, पन्ना)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES