)
हीरा नगरी कहे जाने वाले पन्ना ने एक बार फिर यूपी के झांसी के रहने वाले एक साधारण परिवार की किस्मत चमका दी है. झांसी के रहने वाले राजकुमार श्रीवास और उनकी पत्नी गुड्डी देवी को एक साथ 4 हीरे मिले हैं. इन्हें हीरा जिला कार्यालय में पारखी के माध्यम से जमा करवा दिया गया है.
दरअसल, गुड्डी देवी ससुराल से पति के साथ मायके पन्ना आई थीं. यहां पर करीब 6 महीने तक मेहनत करने के बाद उनकी ऐसी किस्मत चमकी कि पूरी जिंदगी ही बदल गई. पन्ना के सरकोहा इलाके की हीरा खदान से दंपत्ति को एक साथ 4 चमचमाते हीरे मिले हैं. इन हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट बताया जा रहा है.
हीरा कार्यालय में जमा
इनमें दो हीरे 1.62 और 1.29 कैरेट के उज्ज्वल किस्म के हैं, जबकि 1.44 और 0.81 कैरेट के दो हीरे मटमैली किस्म के हैं. इन चारों हीरों को पारखी के जरिए हीरा जिला कार्यालय में जमा करवा दिया गया है. इन हीरों की कीमत करीब 12 लाख रुपए आंकी जा रही है.
माता रानी का आशीर्वाद
वहीं, राजकुमार ने इन हीरों के मिलने के पीछे माता रानी का आशीर्वाद और 6 महीने की मेहनत का फल बताया है. दंपत्ति का कहना है कि आगामी शासकीय नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा, उनके उज्ज्वल भविष्य और व्यवसाय को बढ़ाने में करेंगे.
हीरों का वजन 5 कैरेट है
राजकुमार श्रीवास ने बताया कि उन्होंने सरकोहा में खदान लगाई है, जहां उन्हें 4 हीरे मिले हैं. इनका वजन करीब 5 कैरेट है. अभी इनकी कीमत का आकलन नहीं हुआ है, लेकिन इनकी कीमत लाखों में होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि आज 6 महीने पूरे हो गए हैं. यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है. माता रानी की कृपा बनी रहे तो यह खुशी आगे भी बनी रहे. उन्होंने कहा कि अगर इससे भी बड़ा हीरा मिल जाए तो और खुशी होगी.
अपना कारोबार बढ़ाएंगे
राजकुमार ने बताया कि इन पैसों से बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के साथ ही अपना कारोबार भी बढ़ाएंगे. उन्होंने कहा कि इनमें से 2 हीरे उनकी पत्नी गुड्डी देवी को मिले हैं, जबकि 2 हीरे उनके पार्टनर को मिले हैं. उन्होंने यह भी बताया कि जिस जगह खदान लगाई गई है, उसके मालिक आकाश रैकवार हैं.
दो उज्जवल किस्म के हीरे
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि सरकोहा खदान क्षेत्र से 4 हीरे मिले हैं. इसके लिए गुड्डीबाई के नाम से आवेदन किया गया था. उन्हें पट्टा दिया गया था. वह झांसी जिले की रहने वाली हैं. उन्हें 4 हीरे मिले हैं, जिसमें से दो हीरे उज्ज्वल किस्म के हैं. इनमें एक हीरा 1 कैरेट 62 सेंट और दूसरा 1 कैरेट 29 सेंट का है. वहीं, दो हीरे मटमैली किस्म के हैं, जिनका वजन 1 कैरेट 44 सेंट और 81 सेंट है.