)
मध्य प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश से पूरी तरह लौट सकता है. हालांकि मानसून की बची हुई नमी के असर से 2 अक्टूबर को कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है. IMD के अनुसार मानसून की विदाई से पहले होने वाली बारिश का दायरा सीमित रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इन जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफान भी आ सकता है. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और जबलपुर में मौसम साफ रहने और तेज धूप खिलने की उम्मीद है.
फिर लौटेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून का तय समय 30 सितंबर को खत्म हो गया, लेकिन मध्य प्रदेश के किसी भी जिले से मानसून आधिकारिक तौर विदा नहीं हुआ है. विभाग के अनुसार मानसून की वापसी की रेखा अभी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान से गुजर रही है. मध्य प्रदेश में यह रेखा ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग के ऊपर है. मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश में मानसून की वापसी इन्हीं इलाकों से शुरू होने की संभावना है. इसके बाद, मानसून इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग से वापस जा सकता है. पूरे राज्य में मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुक्रवार या शनिवार को शुरू होने की उम्मीद है. इसके बाद मानसून धीरे-धीरे पूरे राज्य से वापस जा सकता है और 10 अक्टूबर तक इसके पूरे राज्य में लौटने की संभावना है.
अक्टूबर में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में अक्टूबर के महीने में बारिश, गर्मी और ठंड का मिला-जुला मौसम रहता है. इस साल भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की उम्मीद है. अक्टूबर को मौसम बदलने का समय माना जाता है, क्योंकि इसी दौरान मानसून की विदाई होती है. जैसे-जैसे मानसून लौटता है, आसमान साफ होने लगता है और इसका असर तापमान पर भी दिखता है.
एमपी वेदर अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा अभी राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा पर है. यह श्योपुर, मुरैना और नीमच की सीमाओं को छू रही है. अगले 48 घंटों में मानसून की और वापसी के लिए हालात अनुकूल बने रहने की संभावना है. देश के कई हिस्सों में मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां भी बन रही हैं. मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों के साथ-साथ राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश के बाकी इलाकों और उत्तर भारत के कई क्षेत्रों से मानसून की वापसी के लिए मौसम के अनुकूल रहने की उम्मीद है.