'गरीब को परेशान किया तो नौकरी के लायक नहीं रहोगे', मंत्री ने मंच से अफसरों को लगाई फटकार, SDM से किए सवाल-जवाब
निवाड़ी में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर लगा था. वहां एक बुजुर्ग किसान ने शिकायत की कि उसकी जमीन का सीमांकन नहीं हुआ और दूसरे ने उस पर मकान बना लिया. ये सुनकर प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा नाराज हो गए और मंच से ही अफसरों को फटकार लगा दी.
मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक बुजुर्ग किसान ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की. शिकायत सुनते ही प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा भड़क गए और मंच से ही SDM अशोक सेन से सवाल-जवाब करने लगे. उन्होंने अफसरों को दो टूक कहा, गरीब को परेशान किया तो नौकरी के लायक नहीं रहोगे. मंत्री के सख्त रुख से शिविर में मौजूद अधिकारियों के बीच हलचल मच गई, और किसान की समस्या का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए गए.
बुजुर्ग की शिकायत पर भड़के मंत्री
दरअसल, यह पूरा मामला निवाड़ी जिले के जुगियाउ गांव का है, जहां एक बुजुर्ग किसान ने शिकायत की कि किसी दूसरे व्यक्ति ने उसकी जमीन पर घर बना लिया है. वहीं दूसरी ओर, किसान खुद अपनी जमीन पर कोई निर्माण नहीं कर पा रहा है क्योंकि अभी तक जमीन की सीमा तय (सीमांकन) नहीं हुई है. शिकायत सुनते ही प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा का पारा चढ़ गया. इस पर मंत्री ने SDM से सवाल किया कि जब जमीन का सीमांकन ही नहीं हुआ था, तो उस पर घर कैसे बन गया? साथ ही उन्होंने इस मामले को एक दिन के भीतर सुलझाने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें: सीधी में कथित धर्मांतरण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन: धर्मरक्षा समिति ने खोला मोर्चा, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
मंत्री ने मंच से अफसरों को लगाई फटकार
शिविर के दौरान मंत्री ने कलेक्टर, तहसीलदार और पटवारी को कड़ी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने गरीबों को परेशान किया या उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो नौकरी करने लायक नहीं रहोगे. मंत्री ने स्पष्ट किया कि 'जन विश्वास शिविर' का उद्देश्य केवल कोरे आश्वासन देना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का वास्तविक समाधान निकालना होना चाहिए.
दमोह में सकारात्मक परिणाम
इस बीच, दमोह जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं. इसके जरिए नागरिक अलग-अलग सरकारी विभागों से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान एक ही जगह पर पा सकते हैं, जिससे उन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते. पथरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नरसिंहगढ़ में एक सप्ताह तक चलने वाला जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया. इसमें राज्य सरकार के आनंद विभाग के मंत्री लखन पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता पटेल सहित कई जन-प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. साथ ही जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी अपने स्टाफ के साथ वहां मौजूद रहे और उन्होंने शिविर में ही सीधे जनता की शिकायतों को सुना और उनका समाधान किया.
इस अवसर पर मंत्री पटेल ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की बेहतरीन योजना का परिणाम है, जो अब जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है और इसके सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं. लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर शिविर में आए थे, जिनका समाधान ज़िला कलेक्टर की उपस्थिति में किया गया.
सत्येंद्र परमार की रिपोर्ट