App

SIR के 9 महीने बाद MP की नई वोटर लिस्ट जारी, बढ़ गए 8.18 लाख नए वोटर; जानें क्या है ताजा आंकड़े

एसआईआर (SIR) के 9 महीने बाद मध्य प्रदेश की वोटर लिस्ट में 8.18 लाख नाम बढ़े हैं. खास बात है कि पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा इजाफा हुआ है.

SIR के 9 महीने बाद MP की नई वोटर लिस्ट जारी, बढ़ गए 8.18 लाख नए वोटर; जानें क्या है ताजा आंकड़े
Image Credit: मध्य प्रदेश की नई वोटर लिस्ट में 8.18 लाख नाम बढ़े हैं.

मध्य प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के लगभग 9 महीने बाद एक नई और अपडेटेड वोटर लिस्ट जारी की गई है, जिसमें प्रदेशभर में कुल 8.18 लाख नए वोटर बढ़ गए हैं. इसके बाद एमपी में वोटर्स की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 पहुंच गई है, जबकि 21 फरवरी 2026 को जारी एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 वोटर्स दर्ज थे. यानी कुल सामान्य मतदाताओं में करीब 1.52% की वृद्धि दर्ज हुई है. खास बात यह है कि पिछले 9 महीने में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में तेजी से इजाफा देखने को मिला है, जिससे लिंगानुपात में भी सुधार हुआ है.

निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 9 महीने में 3 लाख 80 हजार 169 पुरुष मतदाता बढ़े हैं, जबकि इस दौरान महिला मतदाताओं की संख्या में 4 लाख 38 हजार 361 बढ़ी है. इसके बाद पुरुष मतदाताओं की संख्या 2.79 करोड़ से बढ़कर 2.82 करोड़ हो गई है, जबकि महिला वोटर्स की संख्या 2.60 करोड़ से बढ़कर 2.65 करोड़ हो गई है. इस दौरान थर्ड जेंडर मतदाता भी बढ़े हैं और इनकी संख्या 904 से बढ़कर 937 हो गई है.

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नई वोटर लिस्ट पर आम नागरिक 11 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे. दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक होगा और अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी. इस विशेष अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने का अवसर मिल रहा है.

राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर हुई 72036

इसके साथ ही मध्य प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है. मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद राज्य में 127 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं, जबकि 21 मतदान केंद्र खत्म किए गए हैं. अब मध्य प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 72036 हो गई है.

18 साल पूरा करने वाले युवा भी जुड़वा सकते हैं नाम

इसके साथ ही 1 जनवरी 2027 या उससे पहले 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भी वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वा सकेंगे. इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी से मिलकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 भरकर जमा कर सकते हैं. इसके अलावा युवा वोटर हेल्पलाइन ऐप या voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन फॉर्म 6 भरकर आवेदन कर सकते हैं. अपने बूथ और बीएलओ की जानकारी चुनाव आयोग की वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर ले सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More