)
नर्मदापुरम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं. गंभीर हालत में 80 साल की बुजुर्ग महिला को लेकर नर्मदापुरम जा रही 108 एंबुलेंस ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. डोलरिया के पास एंबुलेंस खराब होने के बाद मरीज के परिजनों में हड़कंप मच गया.
वहीं दूसरी एंबुलेंस के इंतजार में महिला काफी देर तक रास्ते में ही परेशान होती रही. इस दौरान जब बुजुर्ग महिला की हालात ज्यादा बिगड़ने लगी, तो परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों का हंगामा देख मौके पर लोगों की काफी भीड़ इकट्ठा हो गई.
डोलरिया का है ये मामला
दरअसल, यह मामला नर्मदापुर जिले के डोलरिया का बताया जा रहा है. जहां पर एक बीमार बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से बीमार हो गई थी. इसी के चलते सिवनी मालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से नर्मदापुरम जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया था.
रास्ते में ही एंबुलेंस खराब
दोपहर 3 बजे जब एंबुलेंस के माध्यम से बुजुर्ग महिला को सिवनी से नर्मदापुरम जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था. तब बीच रास्ते में 43 किमी सफर के दौरान एंबुलेंस खराब हो गई. जैसे ही एंबुलेंस खराब हुई, तो मरीजों में काफी टेंशन बढ़ गई. इस दौरान परेशान परिजन डॉक्टरों और एंबुलेंस चालक से दूसरी एंबुलेंस बुलाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन काफी देर तक दूसरी एंबुलेंस नहीं पहुंची. तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा.
परिजनों ने किया हंगामा
इस दौरान मरीज के परिजनों ने बीच रास्ते पर हंगामा करना शुरू कर दिया. वहीं परिजनों का जोरदार हंगामा देख आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए. इस दौरान काफी भीड़ जमा हो गई. काफी देर कहासुनी के बाद मौके पर दूसरी एंबुलेंस पहुंची, इसके बाद बुजुर्ग महिला को खराब एंबुलेंस से दूसरी एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया.
व्यवस्था क्यों नहीं हो पाई?
उसके बाद दूसरी एंबुलेंस के जरिए बुजुर्ग मरीज को नर्मदापुरम जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गई. लगभग शाम 6 बजकर 25 मिनट पर जिला अस्पताल पहुंची. अब स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि गंभीर मरीज को लेकर निकलने वाली एंबुलेंस की फिटनेस जांच आखिर कितनी पुख्ता है. अगर रास्ते में एंबुलेंस खराब हो जाए, तो मरीज के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं हो पाई?
सवालों के घेरे में व्यवस्थाएं
इतना ही नहीं, इससे पहले नर्मदापुरम जिले से एक मामला ऐसा आया था, जहां 108 एंबुलेंस से सब्जी ढोने का मामला सामने आ चुका है. अब गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस के बीच रास्ते में खराब होने की घटना ने स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन सेवाएं सवालों के घेरे में आ गई हैं.
(रिपोर्टः अभिषेक गौर, नर्मदापुरम)