मध्य प्रदेश में टली नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा, अब 14 नवंबर की जगह इस तारीख को होगा एग्जाम; जानें वजह
पटवारी संघ की मांग पर मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा 2026 की तारीख बदल दी है और अब यह परीक्षा 14 नवंबर 2026 की जगह 10 जनवरी 2027 को होगी.
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की ओर से नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. मंडल ने आगामी 14 नवंबर 2026 को होने वाली इस परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है और जारी की गई नई आधिकारिक सूचना के अनुसार अब यह परीक्षा नए साल में यानी 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी. परीक्षा की तारीख बढ़ने से अब विभागीय अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए करीब दो महीने का अतिरिक्त समय मिल गया है.
दरअसल, पटवारी संघ की ओर से नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की लगातार मांग की जा रही थी, जिस पर राजस्व विभाग की सहमति मिलने के बाद मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने यह फैसला लिया है. ये परीक्षा विभागीय नायब तहसीलदार पद पर प्रमोशन के लिए आयोजित की जानी है.
भरे जाएंगे नायब तहसीलदार के कुल 73 पद
लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए आयोजित होने वाली इस परीक्षा में राजस्व मंडल, आयुक्त भू-अभिलेख, प्रमुख राजस्व आयुक्त, संभागायुक्त और कलेक्टर कार्यालयों में कार्यरत पटवारी, आरआई (RI) तथा लिपिक वर्गीय कर्मचारी शामिल होंगे. इन कर्मचारियों के लिए नायब तहसीलदार बनने का मौका है. इस परीक्षा के जरिए नायब तहसीलदार के कुल 73 पद भरे जाएंगे.
किस संवर्ग के लिए कितने पद निर्धारित?
इस पूरी चयन परीक्षा के तहत कुल 73 पदों पर भर्तियां की जानी हैं, जिन्हें अलग-अलग संवर्गों और श्रेणियों में बांटा गया है. इसमें लिपिक वर्गीय सेवा संवर्ग के लिए कुल 46 पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सामान्य रोस्टर के अनुसार 32 पद और 14 पद बैकलॉग के शामिल हैं. वहीं दूसरी ओर, पटवारी-राजस्व निरीक्षक संवर्ग के लिए कुल 27 पदों पर भर्ती होगी, जिसमें सामान्य भर्ती के 12 पद और बैकलॉग के 15 पद शामिल हैं.
कैसे होगी परीक्षा और क्या है चयन की प्रक्रिया?
परीक्षा के पैटर्न और नियमों के मुताबिक, यह पेपर लिखित और ऑब्जेक्टिव टाइप का होगा. इस पूरी परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और इसके कुल अंक 100 निर्धारित किए गए हैं. अभ्यर्थियों को इस पेपर को हल करने के लिए कुल 2 घंटे का समय मिलेगा और यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. योग्यता के लिहाज से जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 अंक और एसटी (ST) अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 अंक लाना अनिवार्य होगा. (इनपुट- अनिल नागर)