MP Weather Update: एमपी में मौसम ने ली करवट, दिन में तेज धूप तो रात में ठंड का एहसास, जानें आपके शहर का हाल
MP Weather Update: भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 20°C से नीचे गिर गया है, जिससे रातें ठंडी और दिन गर्म हो गए हैं. IMD के अनुसार 10 अक्टूबर तक राज्य से मानसून पूरी तरह से वापस चला जाएगा.
30 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून का मौसम खत्म होने के बाद मध्य प्रदेश में मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव देखा गया है. भारी बारिश का दौर थम गया है, जिसके चलते दिन के समय तेज धूप और गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं रातें काफी ठंडी होने लगी हैं. भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार और अमरकंटक जैसे शहरों में न्यूनतम तापमान 17°C से 18°C के बीच दर्ज किया गया है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का मिला-जुला मौसम आमतौर पर अक्टूबर के पहले पखवाड़े में रहता है.
प्रदेश से कब लौटेगा मानसून
भोपाल भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून का दौर 30 सितंबर को ही खत्म हो गया. राजस्थान और पंजाब से होते हुए मानसून की वापसी की रेखा मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल और उज्जैन संभाग तक पहुंच गई है. अगले 2-3 दिनों में वापसी की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है और 10 अक्टूबर तक पूरे राज्य से मानसून के लौटने की संभावना है.
देखें तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 17.1°C, शाजापुर में 17.3°C, धार में 17.5°C, इंदौर और पचमढ़ी में 17.6°C और भोपाल व उज्जैन में 18°C दर्ज किया गया. वहीं, पचमढ़ी और अमरकंटक में दिन का तापमान 29°C से नीचे बना हुआ है, जबकि बड़वानी, धार, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम में यह 35°C के पार पहुंच गया है.
कब तक ऐसा मौसम रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक 30 सितंबर को मानसून का सीजन खत्म हो गया है. अब अगले 15 दिन मौसम बदलने वाले हैं. यानी अक्टूबर के पहले 15 दिनों में रात में ठंड लगेगी, लेकिन दिन में गर्मी रहेगी. इस बार भी वैसा ही हो रहा है. मानसून वापसी की लाइन अभी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान तक पहुंच गई है. मध्यप्रदेश में यह ग्वालियर-चंबल और उज्जैन के ऊपर है. उम्मीद है कि मानसून की वापसी यहीं से शुरू होगी. इसके बाद इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल से मानसून जाएगा. 2-3 दिन में वापसी शुरू हो सकती है और 10 अक्टूबर तक पूरे एमपी से मानसून लौट जाएगा.
शनिवार को इन जिलों में धूप खिलेगी
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में धूप खिलेगी.