)
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पिछले कुछ दिनों में तेजी से बदल रहा है. उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' का सीधा असर मध्य प्रदेश में भी दिखने लगा है. एमपी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है और कई जिलों में ठिठुरन बढ़ गई है. कड़ाके की इस ठंड के बीच मौसम केंद्र भोपाल ने चक्रवाती तूफान 'अकवान' की वजह से कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी दी है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भोपाल ने 20 और 21 नवंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 नवंबर को इस चक्रवाती सिस्टम का सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा, जिसके चलते बालाघाट और डिंडौरी में ढाई से साढ़े 4 इंच तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है. इस दौरान ढाई से साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है.
मौसम केंद्र ने सीधी, सिंगरौली, कटनी, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा समेत करीब दो दर्जन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान जताया है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है. मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन में भी तेज आंधी की आशंका है.
मौसम विभाग ने 20 नवंबर को उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट और सिवनी में हल्की बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में आज (18 नवंबर) भी बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. इसके अलावा राजधानी भोपाल में पिछले 2 दिन से बादल छाए हुए हैं और धुंध का भी असर देखने को मिल रहा है, लेकिन बारिश नहीं हुई है.
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बाद कई जिलों में ठिठुरन बढ़ गई है और शहडोल के कल्याणपुर में रात का न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है. बीती रात कल्याणपुर राज्य में सबसे ठंडा रहा. इसके अलावा कटनी के करौंदी में भी तापमान लगातार नीचे बना हुआ है और बीती रात न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
शहडोल और कटनी के अलावा रीवा में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री, दमोह में 12 डिग्री, छतरपुर के नौगांव में 12.2 डिग्री, उमरिया में 13.1 डिग्री, पचमढ़ी में 13.2 डिग्री, छिंदवाड़ा में 13.6 डिग्री, जबलपुर में 13.6 डिग्री, भोपाल में 13.8 डिग्री, ग्वालियर में 13.8 डिग्री, खजराहो में 13.8 डिग्री, मंडला में 14 डिग्री, सतना में 14.2 डिग्री, सीधी में 14.2 डिग्री, बैतूल में 14.3 डिग्री और बालाघाट में 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.