App

दिल्ली में बढ़ती ठंड के बीच कम हुआ प्रदूषण, 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दक्षिण में तबाही मचाएगा तूफान 'अकवान'

देश के कई राज्यों में आज बारिश हो सकती है. उधर, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली की हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है. जानिए आपके शहर में आज मौसम कैसा रहेगा.

दिल्ली में बढ़ती ठंड के बीच कम हुआ प्रदूषण, 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दक्षिण में तबाही मचाएगा तूफान 'अकवान'
Image Credit: देश के कई राज्यों में बदलने जा रहा मौसम. (फोटो-एआई)

देश के अलग-अलग हिस्सों में एक बार फिर से मौसम करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार (18 नवंबर) को देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. ठंड की दस्तक के साथ बदल रहे मौसम से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की मार जारी है. दिल्ली की हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है.

जहां उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है, तो दक्षिण भारत के कई राज्यों में तूफान की चेतावनी जारी की हई है. बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान 'अकवान' लगातार आगे बढ़ रहा है. अगले दो दिन तमिलनाडु, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है. आइए आपके आज के मौसम का हाल बताते हैं.

देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने देश के 10 से अधिक राज्यो में भारी बारिश का अलर्ट जारी कियाहै. 18 नवंबर यानी बुधवार को आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, बिहार और अंडामान निकोबार में कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, इस दौरान 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है.

दिल्ली में प्रदूषण से थोड़ी राहत

राष्ट्रीय राजधानी में भी ठंड की दस्तक दे दी है. सुबह और शाम में लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है और घर से बाहर निकलने के दौरान लोग गर्म कपड़े पहन रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के किसी भी इलाके में बारिश के आसार नहीं है. आईएमडी का कहना है कि आज तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस कमी देखने को मिल सकती है. उधर, राजधानी में प्रदूषण खराब स्थिति में बना हुआ है. कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक अभी खराब श्रेणी में बना हुआ है, जिस कारण बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है.

दिल्ली में आज का औसत AQI 213 दर्ज किया गया

  • उत्तम नगर - 385 (बहुत खराब) 
  • चांदनी चौक- 292
  • बुरारी क्रासिंग - 286
  • DTU- 279
  • IT0- 269

एनसीआर

  • नोएडा- 186
  • गुरुग्राम- 267
  • गाजियाबाद- 196
  • फरीदाबाद- 256

दक्षिण भारत में तूफान 'अकवान' दिखाएगा कहर

बंगाल की खाड़ी से उठा नया चक्रवाती तूफान अकवान लगातार आगे बढ़ रहा है. इसको देखते हुए ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानियों का मानना है कि यह नेल्लोर तथा विशाखापत्तनम की तट से टकराएगा.

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ दक्षिण-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित है. मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि गुरुवार तक इसके और मजबूत होकर एक गंभीर तूफान में तब्दील होने की आशंका है.  शुक्रवार दोपहर तक ये नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकरा सकता है.

यूपी और बिहार में कोहरा

आज सुबह यूपी और बिहार के कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला. उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा. इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है. हालांकि, बिहार या यूपी के किसी भी इलाके में बारिश के कोई आसार नहीं हैं. हालांकि, बिहार के कुछ इलाकों में 21 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.  

पहाड़ पर कैसा रहेगा मौसम

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी जारी है. भारी बर्फबारी से सैलानियों में खुशी की लहर है. लगातार हो रही बर्फबारी के बीच मौसम विभाग ने बताया कि ये सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा, जिससे तापमान में कमी देखने को मिल सकती है और ठिठुरन बढ़ेगी. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More