App

बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने वालों के लिए बड़ी खबर, टोल से गुजरते ही मोबाइल पर आएगा SMS अलर्ट, लगेगा जुर्माना

एनएचएआई की तरफ से दिल्ली में शुरू किये गए पायलट प्रोजेक्ट के तहत यदि कोई ऐसा वाहन निकलेगा जिसका इंश्योरेंस एक्सपायर हो गया है, तो ऐसे वाहनों चालकों को SMS के जरिये अलर्ट किया जाएगा. ऐसे वाहनों पर जुर्माना लगाए जाने का भी प्रावधान है.

बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने वालों के लिए बड़ी खबर, टोल से गुजरते ही मोबाइल पर आएगा SMS अलर्ट, लगेगा जुर्माना
Image Credit: (File Photo) NHAI ने बिना वैलिड इंश्योरेंस के वाहन चलाने वालों पर नकेल कसने की पहल की है.

यदि आपके पास कार है और आप अक्सर इससे सफर करते हैं तो यह खबर आपके काम की है. जी हां, यदि आपकी कार का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस (Third Party Insurance) खत्म हो गया है और आप नेशनल हाइवे पर सफर कर रहे हैं तो अब आपको सतर्क होने की जरूरत है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बिना वैलिड इंश्योरेंस के वाहन चलाने वालों पर नकेल कसने की नई पहल की शुरू की है. इसके तहत बिना इंश्योरेंस वाले वाहनों को टोल प्लाजा पर ही पकड़ने और वाहन मालिकों को तुरंत अलर्ट करने के लिए SMS अलर्ट सिस्टम शुरू किया गया है.

दिल्ली से शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट

इसके तहत बिना इंश्योरेंस के कार चलाने वाले मालिको अलर्ट किया जाएगा. अभी NHAI ने इस सिस्टम को पायलट प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली के UER-II स्थित मुंडका टोल प्लाजा से शुरू कर दिया है. यहां प्रोजेक्ट की सफलता के बाद इसे बहुत जल्द देशभर के सभी नेशनल हाइवे टोल प्लाजा पर लागू करने की तैयारी है.

कैसे काम करेगा यह नया सिस्टम?

टोल प्लाजा पर काम करने वाला यह सिस्टम पूरी तरह से ऑटोमेटिक है-

  • जैसे ही कोई व्हीकल टोल प्लाजा से गुजरेगा, उसके नंबर प्लेट और बाकी की डिटेल का मिलान नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के 'वाहन' (Vahan) डेटाबेस से ऑनलाइन किया जाएगा.
  • यदि कार या और किसी व्हीकल का इंश्योरेंस एक्सपायर हो गया है या वाहन बिना इंश्योरेंस के पाया जाता है तो सिस्टम तुरंत वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS अलर्ट भेज देगा.
  • सिस्टम के जरिये ऑटोमेटिक पहुंचने वाले SMS मैसेज में व्हीकल का नंबर, टोल पार करने का सही समय और इंश्योरेंस एक्सपायरी की तारीख स्पष्ट रूप से लिखी होगी. इससे वाहन मालिक समय रहते अपना इंश्योरेंस रिन्यू करा सकेंगे.

नियम तोड़ने पर जुर्माने का प्रावधान

मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधान के अनुसार बिना वैलिड इंश्योरेंस के वाहन चलाना कानूनन अपराध है. ऐसे वाहन चालकों पर निम्नलिखित जुर्माना लगाया जा सकता है-

  • पहली बार उल्लंघन किये जाने पर 5,000 रुपये का जुर्माना या बेस प्रीमियम का 3 गुना, दोनों में से जो भी राशि ज्यादा होगी वाहन मालिक से वो वसूली जाएगी.
  • दोबारा उल्लंघन करने पर 10,000 रुपये का जुर्माना या बेस प्रीमियम का 5 गुना, दोनों में से जो भी अमाउंट ज्यादा होगा, उसे पेनाल्टी के रूप में वसूली जाएगा.

NHAI के इस कदम का मकसद सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और वाहन चालकों को उनके वाहनों के डॉक्यूमेंट समय पर अपडेट रखने के प्रति जागरूक किया जाना है. ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में थर्ड पार्टी क्लेम को लेकर कानूनी परेशानी से बचा जा सके.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More