App

राहुल ने शिव-पार्वती की तस्वीर पोस्ट की, BJP ने 13 सदी पुराना इतिहास खोलकर पूछ लिया- हलैबिडु किसने लूटा था?

राहुल गांधी द्वारा शेयर की गई शिव-पार्वती की तस्वीर पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए 13 सदी पुराना इतिहास याद दिलाया है. बीजेपी ने पूछा कि दक्षिण भारत के प्रसिद्ध हलैबिडु (होयसलेश्वर) मंदिर को किसने लूटा था?

राहुल ने शिव-पार्वती की तस्वीर पोस्ट की, BJP ने 13 सदी पुराना इतिहास खोलकर पूछ लिया- हलैबिडु किसने लूटा था?
Image Credit: 'सत्यम शिवम सुंदरम' से हलेबिदु के इतिहास तक: राहुल गांधी की पोस्ट पर छिड़ा सियासी घमासान, BJP और हिमंता बिस्वा सरमा ने किया पलटवार

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मंगलवार (17 नवंबर) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिली. कर्नाटक के ऐतिहासिक शहर हलेबिदु की एक मूर्ति और 'सत्यम शिवम सुंदरम' वाक्यांश के इस्तेमाल को लेकर शुरू हुए इस विवाद ने अब इतिहास और आस्था की बहस का रूप ले लिया है. जहां राहुल गांधी ने बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के समर्थकों के मन में नफरत और डर होने की बात कही, वहीं BJP ने 14वीं शताब्दी के आक्रमणों की याद दिलाते हुए उनसे तीखे सवाल पूछ डाले.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की. यह पोस्ट उनके माता-पिता के रिश्ते को लेकर चल रहे विवाद के बीच आई थी. राहुल ने अपनी पोस्ट में कर्नाटक के हलेबिदु स्थित होयसलेश्वर मंदिर की एक प्रसिद्ध मूर्ति का जिक्र किया, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती को नंदी पर सवार दिखाया गया है.

 

 

राहुल ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा था?

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'डर, गुस्से और नफरत ने बीजेपी और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है.' राहुल गांधी ने खुद को एक सच्चा हिंदू बताते हुए उन्होंने आगे कहा कि यह उनका कर्तव्य है कि वे इन समर्थकों को इस जाल से मुक्त करें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की खूबसूरती व आनंद को महसूस कर सकें. राहुल ने अपनी इस पोस्ट का अंत 'सत्यम शिवम सुंदरम' लिखकर किया.

बीजेपी का पलटवार: हलेबिदु के इतिहास पर पूछे तीखे सवाल

राहुल गांधी की इस पोस्ट के कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी ने आधिकारिक तौर पर उन पर जोरदार हमला बोला. BJP ने राहुल के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'मिस्टर गांधी, चूंकि आपने हलेबिदु की तस्वीर पोस्ट की है, तो आपसे कुछ सवाल हैं.'

बीजेपी ने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए पूछा कि क्या राहुल गांधी जानते हैं कि होयसल साम्राज्य की पूर्व राजधानी 'द्वारसमुद्र' को 'हलेबिदु' क्यों कहा जाने लगा? पार्टी ने 14वीं शताब्दी के हमलों की याद दिलाते हुए कहा, 'क्या आप उन लोगों का नाम लेने की हिम्मत जुटा सकते हैं जिन्होंने इसे तबाह किया था? हम बता सकते हैं: 1311 में अलाउद्दीन खिलजी के सेनापति मलिक काफूर और 1326-27 में मुहम्मद बिन तुगलक की सेना ने इसे लूटा था. क्या आप उन्हें शर्मिंदा कर सकते हैं?'

खंडित मूर्तियों और 'सत्यम' के मायने पर घेरा

भाजपा यहीं नहीं रुकी, उसने होयसलेश्वर मंदिर परिसर में मौजूद क्षतिग्रस्त मूर्तियों का मुद्दा भी उठाया. पार्टी ने कहा कि आज भी पूरे हलेबिदु में देवी-देवताओं की मूर्तियां टूटे हुए चेहरों और हाथों के साथ खड़ी हैं, इन्हें किसने तोड़ा था? इसके साथ ही, राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए वाक्यांश पर तंज कसते हुए भाजपा ने लिखा, 'राहुल गांधी , 'सत्यम शिवम सुंदरम' में सबसे पहले 'सत्यम' (सत्य) आता है. क्या आपको यह बात पता थी?'

हिमंता बिस्वा सरमा ने भी साधा निशाना

इस पूरे मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की. सरमा ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी इंसान की तुलना ईश्वर से नहीं की जा सकती, भले ही वह गांधी परिवार से ही क्यों न हो. हिमंता बिस्वा सरमा ने लिखा, 'नश्वर इंसानों को शिव और पार्वती के रूप में चित्रित करना भक्ति नहीं है. यह उस अहंकार को दर्शाता है जो इतना बढ़ गया है कि खुद को ही दिव्य मानने लगा है.'

उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि लोगों को खुद को ईश्वर के बराबर समझने के बजाय उनके सामने सिर झुकाना चाहिए. हिमंता बिस्वा सरमा ने इस बात पर जोर दिया कि विनम्रता ही किसी भी व्यक्ति की महानता की असली नींव होती है. कुल मिलाकर, एक ऐतिहासिक मंदिर की मूर्ति के संदर्भ से शुरू हुई इस पोस्ट ने भारतीय राजनीति में विचारधारा, ऐतिहासिक आक्रमणों और धार्मिक प्रतीकों की व्याख्या को लेकर एक नई बहस को जन्म दे दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ravindra Pratap Singh

Ravindra Pratap Singh

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More