)
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक पारिवारिक किस्से ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक नई बहस छेड़ दी है. अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान राहुल ने अपने माता-पिता के आपसी प्रेम को याद करते हुए एक निजी अनुभव साझा किया था, जिस पर बीजेपी नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने तीखी प्रतिक्रिया दी. अब राहुल गांधी ने इस आलोचना पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के समर्थकों पर निशाना साधा है.
इस पूरे विवाद की शुरुआत सोमवार को नई दिल्ली में सोनिया गांधी के संस्मरण (मेमॉयर) 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन कार्यक्रम से हुई. इस मंच से अपने माता-पिता, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्तों की गर्मजोशी को याद करते हुए राहुल ने कहा कि उनके घर में हर भोजन के समय यह एक आम नजारा होता था कि उनकी माता सोनिया गांधी उनके पिता राजीव गांधी की गोद में बैठकर खाना खाती थीं.
राहुल गांधी के मुताबिक, बचपन में उन्हें यह इतना सामान्य लगता था कि एक बार उन्होंने अपने एक दोस्त से पूछ लिया था कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं. इसके अलावा, राहुल ने यह भी बताया कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने माता-पिता को केवल एक ही बार झगड़ते हुए देखा था. वह किस्सा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि एक बार राजीव गांधी पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे और सोनिया गांधी उन्हें कुछ बताने के लिए तीन-चार बार अपनी बात दोहरा रही थीं, जिससे राजीव थोड़ा तनाव में आ गए थे.

राहुल गांधी के इस बयान के सामने आते ही इंटरनेट पर एक तीखी बहस शुरू हो गई. बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अनिर्बान गांगुली ने सोशल मीडिया पर राहुल की इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की. गांगुली ने इसे 'सादगी के भेष में बेशर्मी' करार देते हुए सवाल उठाया कि राहुल अपनी मां के पिता की गोद में बैठने की बात को पूरे देश के सामने किसी 'बेडटाइम स्टोरी' (सोते समय सुनाई जाने वाली कहानी) की तरह क्यों सुना रहे हैं?
अनिर्बान गांगुली ने आगे तंज कसते हुए कहा कि 55 साल का एक व्यक्ति जो परिवार की डाइनिंग टेबल और सार्वजनिक मंच के बीच का फर्क नहीं समझता, वह अगर अपनी कल्पना में भी कभी प्रधानमंत्री बन गया, तो प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की गोपनीय फाइलों का क्या करेगा. वहीं, खुद को भारतीय-अमेरिकी बताने वाले एक्स यूजर टोनी शर्मा ने लिखा कि दुनिया में ऐसा कोई देश या संस्कृति नहीं है, जहां बच्चों के साथ पारिवारिक भोजन के दौरान पत्नी का पति की गोद में बैठना सामान्य या आम सामाजिक चलन माना जाता हो. एक अन्य यूजर ने इसे गांधी परिवार और कांग्रेस को शर्मिंदा करने वाला बयान बताया.
जहां एक तरफ राहुल गांधी के बयान की आलोचना हो रही थी, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनका समर्थन भी किया. समर्थकों का मानना है कि राहुल ने अपने माता-पिता के गहरे रिश्ते की एक बेहद ईमानदार और सहज तस्वीर पेश की है और समाज में प्रेम की ऐसी अभिव्यक्तियों को सामान्य रूप से देखा जाना चाहिए. एक यूजर ने लिखा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोनिया जी और राजीव जी के प्यार और जुड़ाव की एक बहुत ही निजी कहानी साझा की है, जो कई युवा जोड़ों को प्रेरित करेगी.
इसी क्रम में लेहर सेठी नाम की एक महिला यूजर ने आलोचकों पर सवाल उठाते हुए लिखा कि माता-पिता के बीच का प्यार कुछ लोगों के लिए इतना अनजाना क्यों है. उन्होंने कहा कि शायद ऐसा इसलिए है क्योंकि इन लोगों ने महिलाओं को केवल परिवार की सेवा करते देखा है और कभी अपने माता-पिता को एक-दूसरे के प्रति स्नेह जताते नहीं देखा.

मंगलवार को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपने आलोचकों को जवाब दिया. उन्होंने लिखा कि डर, गुस्से और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्यार को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है. अपनी हिंदू आस्था का जिक्र करते हुए राहुल ने आगे कहा, 'एक सच्चे हिंदू के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें.'
अपने संदेश के अंत में उन्होंने 'सत्यम शिवम सुंदरम' लिखा. इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने एक प्राचीन मंदिर की मूर्ति की तस्वीर भी साझा की, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती को नंदी पर एक साथ विराजमान दिखाया गया है. यह मूर्ति दैवीय दंपती के बीच के गहरे बंधन, करुणा और स्नेह को दर्शाती है.