)
उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे की चर्चा तेज हो गई है. निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भाजपा से 35 से 37 सीटों की मांग को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बिना मांगे तो मां भी दूध नहीं पिलाती. उन्होंने पिछले चुनाव का हवाला देते हुए अपनी पार्टी की जीत का आंकड़ा भी सामने रखा.
महराजगंज पहुंचे डॉ. संजय निषाद ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को 16 ऐसी सीटें मिली थीं, जिन पर भाजपा पहले चुनाव हार चुकी थी. इन सीटों में से 11 पर निषाद पार्टी ने जीत दर्ज की थी, जबकि दो सीटों पर हार का अंतर महज तीन हजार वोटों का था. उन्होंने कहा कि जिन 35 से 37 सीटों की मांग की जा रही है, वहां कश्यप और निषाद समाज का प्रभाव है और भाजपा अकेले लंबे समय से इन सीटों पर जीत हासिल नहीं कर पा रही है.
ऐसे में उनकी पार्टी इन सीटों को एनडीए की झोली में डाल सकती है. वहीं, सीटों पर अंतिम फैसले के सवाल पर उन्होंने भाजपा को बड़ा भाई बताते हुए कहा कि आपस में बैठकर बातचीत से मामला सुलझा लिया जाएगा. बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने 16 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे. इसमें 6 अपने सिंबल पर और 5 बीजेपी के सिंबल पर चुनाव लड़ा था. निषाद पार्टी ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी. बीजेपी के सिंबल के सभी प्रत्याशी चुनाव जीत गए थे.
2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी एनडीए के साथ गठबंधन का हिस्सा थी. निषाद पार्टी का गोरखपुर और बस्ती मंडल में काफी प्रभाव है. शायद यही वजह रही कि निषाद पार्टी ने अपने सिंबल के प्रत्याशी इन्हीं मंडल में उतारे. निषाद पार्टी ने 11 सीटें जीतकर एनडीए गठबंधन को मजबूत करने का काम किया था. संजय निषाद के बेटे सरवन निषाद चौरीचौरा से विधायक चुने गए थे. इस बार निषाद पार्टी एनडीए से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है.
(महराजगंज से अमित त्रिपाठी की रिपोर्ट)