ठंडी हवाओं और बारिश से गिरा एमपी का पारा, 19 जिलों में गरज-चमक के साथ गिरेगा पानी...बढ़ेगी ठिठुरन
मध्य प्रदेश में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आई है. शनिवार के लिए 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि राज्य भर में मौसम का यह मिजाज 2 नवंबर तक बना रहेगा.
31 अक्टूबर से मध्य प्रदेश के मौसम में पूरी तरह से बदलाव आ गया है, जिसका मुख्य कारण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' है. पिछले दो दिनों से पूरे राज्य में इस तूफान का असर देखा जा रहा है. शुक्रवार सुबह से ही ग्वालियर और मऊगंज सहित कई जिलों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है. कुछ इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड महसूस हो रही है. दिन के समय भी धूप की तेजी कम हो गई है और आसमान में बादल छाए हुए हैं. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अभी खत्म नहीं हुआ है. इसके अगले दो दिनों यानी 2 नवंबर तक बने रहने की संभावना है. इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है. दिन और रात दोनों के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है.
ठंडी हवाओं से गिरा पारा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए 19 जिलों में आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. बारिश और ठंडी हवाओं के कारण शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में दिन का तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे हल्की ठंडक महसूस होने लगी है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज शनिवार को नर्मदापुरम, बैतूल, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं दूसरी तरफ मालवा, निमाड़ और मध्य हिस्से के 22 जिलों में मौसम सुहावना और साफ रहने के आसार हैं. भोपाल, रायसेन, सीहोर, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास, धार, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, हरदा, शाजापुर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बैतूल के कुछ इलाकों में धूप खिलने और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद जताई गई है.
यह भी पढ़ें: सावधान: यूपी में चक्रवात के असर से झमाझम बारिश-आंधी का दौर जारी, जानें नोएडा से वाराणसी तक कैसा रहेगा मौसम?
बढ़ेगी ठिठुरन
चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के कारण हो रही बेमौसम बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जैसे ही थमेगा मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जैसे-जैसे यह बारिश का सिस्टम आगे बढ़ेगा और आसमान साफ होगा रात और सुबह के तापमान में भारी गिरावट आएगी, जिससे पूरे राज्य में अचानक कड़ाके की ठंड बढ़ जाएगी.