एमपी में धीरे-धीरे बढ़ रही सर्दी, अमरकंटक में पारा लुढ़का, अगले 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों के लिए आंधी और बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. मौसम में आए बदलाव के कारण रात के समय ठंड बढ़ गई है. आने वाले दिनों में रात के समय ठंड के और अधिक बढ़ने की संभावना है.
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. राज्य के पश्चिमी हिस्सों में पिछले आठ दिनों से सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण हो रही बारिश और आंधी का दौर अब खत्म हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक राज्य में बारिश नहीं होगी, जिससे आम लोगों को कुछ राहत मिलेगी.
अमरकंटक में पारा लुढ़का
मौसम में आए इस बदलाव का सबसे बड़ा असर तापमान पर देखने को मिल रहा है. बीती रात राज्य में न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है. अनूपपुर जिले के मशहूर पर्यटन स्थल अमरकंटक में सबसे कम तापमान 13°C दर्ज किया गया. इसके अलावा करौंदी (कटनी) में 13.1°C, दमोह में 14.5°C और शाजापुर में 15.6°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. दिन के तापमान में भी 1 से 2 डिग्री की गिरावट आई है, जिससे भोपाल, ग्वालियर, खजुराहो और उज्जैन सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है.
ठंड बढ़ने की संभावना
विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर की शुरुआत में मानसून की आधिकारिक विदाई के बावजूद एक नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश और ठंड का यह असामान्य दौर देखने को मिल रहा है. राज्य के अधिकांश जिलों में आज शनिवार को धूप खिलने की संभावना है, लेकिन महीने के आखिरी हफ्ते में एक नया 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' (पश्चिमी विक्षोभ) या मौसमी तंत्र आने की उम्मीद है, जिससे बारिश हो सकती है और ठंड बढ़ सकती है.
आज शनिवार को यहां धूप खिलेगी
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में धूप खिलेगी.
यह भी पढ़ें: गुलाबी ठंड के बीच फिर बारिश की आहट: यूपी में कोहरा भी देगा दस्तक, लखनऊ समेत इन शहरों में बढ़ेगी सिहरन
सेहत का ख्याल रखने की जरुरत
मध्य प्रदेश में मौसम में हो रहा मौजूदा बदलाव साफ संकेत दे रहा है कि धीरे-धीरे सर्दियां शुरू हो रही हैं. बारिश रुकने से लोगों को राहत तो मिली है, लेकिन तापमान में गिरावट के कारण ठंड का अहसास होने लगा है. आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. हालांकि, अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में मौसम फिर करवट ले सकता है, जिससे बारिश होने और ठंड और बढ़ने के आसार हैं. फिलहाल, मौसम के इस बदलते दौर में अपनी सेहत का खास ख्याल रखना बहुत जरूरी है.