लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में जहां सुबह-शाम गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है वहीं, आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने की संभावना है. जानिए यूपी में आज का मौसम कैसा रहने वाला है.
मौसम विभाग के मुताबिक 24 अक्टूबर को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा. हालांकि पश्चिमी यूपी के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. सुबह-शाम ठंडक बढ़ने लगी है और रात के समय कंबल ओढ़ने की जरुरत महसूस होने लगी है. महीने के आखिरी दिनों में पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
यूपी में गुलाबी ठंड की शुरुआत हो गई है. रात को चादर और कंबल का सहारा लेना पड़ रहा है. बारिश होने के बाद ठंड की एंट्री हो जाएगी. दिवाली से पहले ठंड यूपी को अपने आगोश में ले लेगी.
25 से 27 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. इस दौरान किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि ओलावृष्टि से बागवानी और सब्जियों की फसलों को नुकसान हो सकता है.
पूर्वी यूपी में मौसम ज्यादा बदलेगा. 28 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 29 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है. मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को फलों के बागों और सब्जियों की फसलों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और आगरा में दिन का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रहेगा, जो दिन चढ़ने पर साफ हो जाएगा. कुल मिलाकर 25 से 27 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 28 अक्टूबर के बाद पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.