मध्य प्रदेश में शनिवार को मौसम का मिजाज बदलने वाला है. 17 अक्टूबर को प्रदेश के 21 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं. हालांकि राजधानी भोपाल में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है. वहीं अगले दो दिनों तक रीवा, सतना समेत पूर्वी और उत्तरी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बौछारें पड़ सकती है. मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन का प्रभाव बताया जा रहा है. शुक्रवार को भी भिंड, मुरैना और मंदसौर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई.
मौसम विज्ञानियों के अनुसार शनिवार को मध्य प्रदेश के 21 जिलों में मौसम बदल सकता है. मालवा, निमाड़, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, दतिया, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, मंदसौर, नीमच, रतलाम, उज्जैन, आगर-मालवा, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं, राजधानी भोपाल में मौसम साफ रहने का अनुमान है. हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. 18 अक्टूबर को रीवा समेच प्रदेश के करीब 12 जिलों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है. इसके बाद अक्टूबर को सतना सहित पूर्वी मध्य प्रदेश के आठ जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. मौसम में इस बदलाव का असर मुख्य रूप से प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल सकता है. हालांकि बारिश का दायरा सीमित रहने की संभावना है. ऐसे में प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है .
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर मध्य प्रदेश तक फैल रहा है. फिलहाल जम्मू-कश्मीर और पंजाब के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय है, जबकि दक्षिणी हरियाणा के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) बना हुआ है. इसके अलावा उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होते हुए अरब सागर तक एक ट्रफ लाइन (कम दबाव वाली रेखा) बनी हुई है. मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि इन प्रणालियों के प्रभाव से राज्य भर में आंधी-तूफान के साथ बारिश बढ़ने की संभावना है.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक सबसे अधिक बारिश 15.0 मिमी मेहगांव (भिंड) में दर्ज की गई. इसके बाद अंबाह (मुरैना) में 14.6 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा, मल्हारगढ़ (मंदसौर) में 12.0 मिमी, श्योपुर में 5.0 मिमी, गोरमी (भिंड) में 4.5 मिमी, भवगढ़ (मंदसौर) और मनासा (नीमच) में 3.0 मिमी बारिश दर्ज की गई. विजयपुर और बीरपुर (श्योपुर) में 2.0 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि गोहद, मंदसौर और मुरैना शहर में 1.0 मिमी बारिश हुई.