)
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुरैना जिले का दौरा किया. जहां सीएम ने जनविश्वास अभियान के तहत जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र और उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 का निरीक्षण किया. पुनर्वास केंद्र में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें सहायक उपकरण वितरित किए. वहीं, उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों से विज्ञान और गुरुत्वाकर्षण के विषय पर संवाद किया. मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान दिव्यांगजनों की सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया.
जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहुंचकर उपचार और पुनर्वास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने न्यूरोलॉजिकल पुनर्वास कक्ष, बाल पुनर्वास कक्ष, शिशु एवं बाल चिकित्सा उपचार कक्ष और विद्युत चिकित्सा कक्ष का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने दिव्यांग बच्चों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं और उनके पुनर्वास की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की. वहीं सीएम ने गुरुत्वाकर्षण पर छात्रों से सवाल जवाब भी किए.
बच्चों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद किया. बच्चों ने अपने हाथों से बनाई गई गौशाला की पेंटिंग मुख्यमंत्री को भेंट की. वहीं, एक बच्चे ने सांकेतिक चित्रों के माध्यम से विभिन्न राष्ट्रीय प्रतीकों की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, छड़ी, घुटनों के सहायक पट्टे, दृष्टिबाधितजनों के लिए विशेष छड़ी, कॉलर बेल्ट और श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए.
कई नेता भी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री मोहन यादव के मुरैना दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. जनविश्वास अभियान के तहत हुए इस निरीक्षण में दिव्यांगजनों के पुनर्वास, सहायक उपकरणों की उपलब्धता और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. मुख्यमंत्री का मुरैना दौरा दिव्यांगजनों की सुविधाओं और विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद पर केंद्रित रहा.