)
मध्य प्रदेश में इस बार सितंबर महीने में ही सर्दी का एहसास होने लगा है. सितंबर के महीने में करीब 8 साल बाद ऐसा हुआ है जब रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है. इस बदलाव का असर पूरे राज्य में दिख रहा है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को भोपाल में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे पहले 29 सितंबर 2018 को तापमान 19.4 डिग्री था. यानी आठ साल बाद सितंबर में ऐसी ठंडक लौटी है.
इंदौर में सबसे कम तापमान
मंगलवार को इंदौर में राज्य का सबसे कम तापमान 16.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो पूरे देश में भी सबसे कम था. इसके अलावा धार में 17.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 18.4 डिग्री, बैतूल और नौगांव में 18.8 डिग्री और उज्जैन में 19 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. राजधानी भोपाल में भी ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है. भोपाल में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे पहले, सितंबर के महीने में भोपाल में इतना कम तापमान 29 सितंबर 2018 को दर्ज किया गया था, जब पारा 19.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था. इसका मतलब है कि 8 साल बाद भोपाल के लोगों ने सितंबर में इतनी ठंड महसूस की है.
इसी हफ्ते से शुरू होगी मानसून की विदाई
मध्य प्रदेश से इस हफ्ते मानसून विदा होने लगेगा. सबसे पहले यह उज्जैन और ग्वालियर संभाग से लौटेगा, इसके बाद इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग से वापस होगा. इससे पहले 3 दिन तक हल्की बूंदाबांदी होती रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी की लाइन अभी राजस्थान और पंजाब के कई जिलों से होकर गुजर रही है और एमपी के उत्तर-पश्चिम हिस्से तक पहुंच गई है. बुधवार को 19 जिलों में बारिश का अलर्ट है- बैतूल, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और पन्ना में हल्की बारिश के साथ आंधी और गरज-चमक हो सकती है.
क्यों गिर रहा है तापमान?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून के जाने से पहले ही हवा का पैटर्न बदल गया है. अभी आसमान बिल्कुल साफ है और हवा में नमी की मात्रा कम हो गई है. शुष्क हवाओं और साफ आसमान की वजह से तेज धूप के कारण दिन में तापमान थोड़ा ज़्यादा महसूस होगा, लेकिन शाम होते ही जमीन से तेजी से गर्मी निकलेगी, जिससे रात में तापमान गिरता रहेगा. आने वाले दिनों में, राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में रात की ठंड और बढ़ सकती है.