)
मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो चुका है और कई शहरों में तापमान तेजी से नीचे आ रहा है. हैरान करने वाली बात है कि आमतौर पर सबसे ठंडा रहने वाला हिल स्टेशन पचमढ़ी भी इस बार पीछे छूट गया है और इससे ज्यादा ठंड राजधानी भोपाल और जबलपुर में पड़ने लगी है. पचमढ़ी से कम तापमान छिंदवाड़ा, बालाघाट के मलाजखंड, शहडोल के कल्याणपुर, दमोह, कटनी के करौंदी और अनूपपुर जिले के अमरकंटक में दर्ज किया गया है.
पचमढ़ी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि भोपाल और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहा. इसके अलावा छिंदवाड़ा में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ जाएगी.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान अमरकंटक में पहुंच गया है, जहां मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कटनी के करौंदी में भी लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे रहा और बीती रात करौंदी में 11.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
मध्य प्रदेश में ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार 9-10 नवंबर की रात के आंकड़ों के मुताबिक, अमरकंटक (अनूपपुर) 10.8°C तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जबकि करौंदी (कटनी) में 11.3°C और दमोह में 12.0°C तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा कल्याणपुर (शहडोल) में 12.3°C, रायसेन में 12.6°C, मलाजखंड (बालाघाट) में 12.8°C, तथा भोपाल, छिंदवाड़ा और जबलपुर में 13.0°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है. खास बात यह है कि हिल स्टेशन पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में भी तापमान 13.2°C दर्ज किया गया है.
दिवाली के बाद कई शहरों में प्रदूषण का प्रकोप भी बढ़ने लगा है और हवा लगातार जहरीली होती जा रही है. राजधानी भोपाल के अलावा उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी एक्यूआई (AQI) 400 के पार पहुंच गया. दिवाली के बाद पिछले 5 सालों में तीसरी बार एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया है. भोपाल और उज्जैन के अलावा इंदौर, सिंगरौली, पीथमपुर, देवास, जबलपुर, ग्वालियर, मंडीदीप और कटनी समेत कई अन्य शहरों में भी एक्यूआई बढ़ा है. इस वजह से रात और सुबह से समय धुंध और कोहरा छा रहा है. इस बीच डॉक्टरों ने लोगों को मॉर्निंग वॉक के लिए सुबह बाहर ना निकलने की सलाह दी है.