App

पहाड़ों की बर्फबारी से MP में बदला मौसम का मिजाज, पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडे रहे इंदौर-भोपाल; अगले 5 दिनों में और गिरेगा पारा

मध्य प्रदेश के कई जिलों के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है. प्रदेश में 5 दिन में रात का पारा 1-2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरेगा, जिससे ठंड बढ़ेगी.

पहाड़ों की बर्फबारी से MP में बदला मौसम का मिजाज, पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडे रहे इंदौर-भोपाल; अगले 5 दिनों में और गिरेगा पारा
Image Credit: अगले 5 दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और सर्द हवाओं ने मध्य प्रदेश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. इसके बाद एमपी के कई जिलों में तापमान में तेजी से गिरावट आई है और 20 से ज्यादा शहरों में रात का पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है. एमपी के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी के मुकाबले राजधानी भोपाल और इंदौर की रातें ज्यादा सर्द हो गई हैं. मौसम विभाग ने उत्तरी हवाओं की रफ्तार बढ़ने के कारण आने वाले 5 दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट की आशंका जताई है. इसके बाद सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ सकती है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है. कुछ जिलों में सुबह के समय कोहरा हो सकता है, बाकी जिलों में आसमान साफ बना रहेगा. नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में एक नया सिस्टम एक्टिव होने के बाद कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.

पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडे रहे इंदौर-भोपाल

हैरानी की बात यह है कि मध्य प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से ज्यादा ठंड राजधानी भोपाल और इंदौर में पड़ने लगी है. भोपाल और इंदौर के समेत 7 शहरों में न्यूनतम तापमान पचमढ़ी से कम दर्ज किया गया है. बीती रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस था, जबकि इससे कम तापमान बालाघाट के मलाजखंड (12.5 डिग्री), भोपाल (12.2 डिग्री), शाजापुर के गिरवर (11.6 डिग्री), शहडोल के कल्याणपुर (11.4 डिग्री), इंदौर (11.1 डिग्री), दमोह (11 डिग्री) और कटनी के करौंदी (10.6 डिग्री) में दर्ज किया गया.

कटनी का करौंदी राज्य में सबसे ज्यादा ठंडा

मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा ठंड कटनी के करौंदी में पड़ रही है, जहां न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा. करौंदी पिछले कई दिनों से प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है और रोजाना न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया जा रहा है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान में बसे करौंदी गांव में रात के समय में पहाड़ों की ऊपरी चोटियों की ठंडी हवा तेजी से नीचे की तरफ आती है और करौंदी को ठंडा कर रही हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More