)
कभी कुत्ते के काटने पर इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा लिया गया, तो कहीं शराब की लत छुड़ाने के नाम पर बाबा की दी जड़ी-बूटी लोगों के लिए जानलेवा बन गई. दरअसल, एमपी के दो जिलों से अधंविश्वास और चमत्कारी इलाज के ऐसे मामले सामने आए हैं, जिन्होंने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.
दरअसल, रीवा जिले के सिमरिया थाना इलाके के राहट गांव में झाड़-फूंक के चलते एक मजदूर विजय लाल केवट की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि विजय केवट मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था. मजदूर विजय केवट को एक दिन कुत्ते ने काट लिया था. उसके बाद समय पर इलाज न मिलने के चलते जान गंवानी पड़ी.
मृतक के चाचा राजन केवट ने बताया कि 10 नवंबर को विजय केवट को एक कुत्ते ने काट लिया था. उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने तुरंत बाद अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन गांव में ही झाड़-फूंक करवाते रहे. झाड़-फूंक के चक्कर में 8 से 10 दिन बीत जाने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई.
चाचा ने बताया कि कुत्ते के काटने के करीब 10 दिन बाद विजय की तबीयत और ज्यादा बिगड़ने लगी. उसकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि वह कुत्ते की तरह भौंकने और अजीब तरह की हरकतें करने लगा. इसके बाद घबराए परिजनों ने उसे तुरंत रीवा के संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोपहर करीब 1 से 2 बजे उन्हें भर्ती कराया गया. हालांकि, उनकी हालत काफी गंभीर थी और इलाज के दौरान रात करीब 10 से 11 बजे उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
इस घटना के हिसाब से पता चलता है कि अंधविश्वास के चलते इलाज में देरी कितनी भारी पड़ सकती है. वहीं कुत्ते के काटने पर झाड़-फूंक कराने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना और डॉक्टर की सलाह के मुताबिक एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाना जरूरी है. अक्सर सांप के काटने पर झाड़-फूंक के मामले सामने आते हैं, तो लेकिन अब कुत्ते के काटने के बाद भी ऐसा किया जाना चिंता की बात है.
ये भी पढ़ेंः शराब छुड़ाने के लिए पिलाई जड़ी-बूटी, बैतूल में 2 लोगों की मौत, 5 की हालत गंभीर, बाबा की तलाश में पुलिस
दूसरा मामला बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा गांव का है. यहां शराब की लत छुड़ाने के नाम पर दी गई जड़ी-बूटी का सेवन करने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि गांव में एक बाबा लंबे समय से लोगों को शराब की लत छुड़ाने के नाम पर जड़ी-बूटी दे रहा था. इसकी जानकारी मिलने पर कई लोग उसके पास पहुंचे और जड़ी-बूटी का सेवन कर लिया. इसके बाद रामकिशोर और संजय की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई, जबकि 5 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.