App

कपड़े पसंद नहीं आए तो सेट पर रो पड़ी थीं सरोज खान: बिना ट्रेनिंग लिए बॉलीवुड को सिखाया डांस, पढ़ें अनसुना किस्सा

बॉलीवुड की दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने बिना किसी फॉर्मल ट्रेनिंग के डांस कैसे सीखा और साधना व पी.एल. संतोषी ने कैसे उनकी मदद की.

कपड़े पसंद नहीं आए तो सेट पर रो पड़ी थीं सरोज खान: बिना ट्रेनिंग लिए बॉलीवुड को सिखाया डांस, पढ़ें अनसुना किस्सा
Image Credit: बिना गुरु के बनीं 'मास्टरजी': सरोज खान ने खुद बताया, कैसे साधना और पीएल संतोषी ने बदली उनकी किस्मत (फाइल फोटो)

बॉलीवुड की 'मास्टरजी' यानी सरोज खान को भला कौन नहीं जानता. माधुरी दीक्षित से लेकर श्रीदेवी तक, हर बड़ी हीरोइन को अपनी उंगलियों पर नचाने वाली सरोज खान आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके किस्से आज भी फैंस के दिलों में जिंदा हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर सरोज खान का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी के शुरुआती दिनों के कई मजेदार और इमोशनल राज खोले हैं.

बॉलीवुड की दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान ने अपनी पूरी जिंदगी फिल्म इंडस्ट्री के नाम कर दी. आज भी जब किसी गाने में बेहतरीन एक्सप्रेशंस और लाजवाब डांस स्टेप्स की बात होती है, तो सबसे पहले 'मास्टरजी' का ही नाम जुबान पर आता है. इंटरनेट पर सरोज खान का एक पुराना इंटरव्यू वीडियो फिर से सामने आया है, जिसमें वह अपनी कामयाबी के पीछे के असली लोगों को याद करती नजर आ रही हैं. इस वीडियो में उन्होंने बताया कि कैसे बिना किसी फॉर्मल ट्रेनिंग के उन्होंने डांस की दुनिया में इतना बड़ा मुकाम हासिल किया.

न कोई गुरु था और न ही ली कोई डांस क्लास

अभिनेत्री किरण जुनेजा के साथ एक खास बातचीत के दौरान सरोज खान ने बेहद सादगी से अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सच बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी प्रोफेशनल टीचर या गुरु से डांस नहीं सीखा. सरोज खान ने साफ शब्दों में कहा कि वह कभी झूठ नहीं बोलेंगी, उनका कोई डांस गुरु नहीं था. उन्होंने जो कुछ भी सीखा, वह सिर्फ सेट पर लोगों को देखकर और अपने तजुर्बे से सीखा. उनके मुताबिक, उस दौर की मशहूर और सबसे महंगी एक्ट्रेस रहीं मैडम साधना ने उन्हें सही रास्ता दिखाया. साधना 1960 और 70 के दशक की टॉप हीरोइन थीं और सरोज खान उन्हें ही अपना मार्गदर्शक मानती थीं.

पी.एल. संतोषी से सीखी फिल्म की बारीकियां

इस बातचीत में सरोज खान ने मशहूर फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी के पिता और दिग्गज गीतकार-निर्देशक पी.एल. संतोषी का भी जिक्र किया. सरोज खान ने बताया था कि पी.एल. संतोषी ही वह शख्स थे, जिन्होंने उन्हें सिखाया कि किसी भी गाने या सीन का कंपोजिशन क्या होता है और फिल्म मेकिंग में इसकी क्या अहमियत है. सरोज खान ने उन्हें फिल्म की आत्मा बताते हुए कहा कि उन्हीं की वजह से वह कैमरे और डांस के तालमेल को समझ पाईं.

जब सेट पर खराब कॉस्ट्यूम देखकर रो पड़ी थीं सरोज खान

इंटरव्यू के दौरान सरोज खान ने अपने बचपन का एक बेहद दिलचस्प किस्सा भी सुनाया था. उन्होंने याद किया कि एक फिल्म में राधा और कृष्ण का गाना शूट होना था. इस गाने के लिए सरोज खान को राधा का रोल दिया गया था. लेकिन जब उन्होंने अपना कॉस्ट्यूम देखा, तो उन्हें वह बिल्कुल पसंद नहीं आया. कपड़े अच्छे न लगने की वजह से वह सेट पर ही बच्चों की तरह रोने लगीं. उस गाने में कृष्ण का रोल उस दौर की बड़ी चाइल्ड आर्टिस्ट रहीं बेबी नाज निभा रही थीं. सरोज खान ने हंसते हुए बताया कि बेबी नाज उनसे उम्र में बड़ी थीं और दोनों एक ही स्कूल में पढ़ती थीं. नाज को कृष्ण इसलिए बनाया गया था क्योंकि उन्हें डांस नहीं आता था. सरोज खान ने रोते-रोते ही उस पूरे गाने की शूटिंग पूरी की थी.

चार दशक तक इंडस्ट्री पर किया राज

सरोज खान का करियर 40 साल से भी ज्यादा लंबा रहा. एक ऐसे दौर में जब कोरियोग्राफी की दुनिया में सिर्फ पुरुषों का ही दबदबा माना जाता था, तब सरोज खान ने अपनी मेहनत से सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. उन्होंने अपने पूरे करियर में 2,000 से ज्यादा गानों को कोरियोग्राफ किया और इंडियन सिनेमा को एक नई पहचान दी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More