App

राज्यसभा उपचुनाव: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज भरेंगे नामांकन, CM मोहन यादव रहेंगे मौजूद, 12 नवंबर को होगा मतदान

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन भरेंगे. इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे. वे शुक्रवार देर रात भोपाल पहुंचे.

राज्यसभा उपचुनाव: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज भरेंगे नामांकन, CM मोहन यादव रहेंगे मौजूद, 12 नवंबर को होगा मतदान
Image Credit: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी आज भरेंगे नामांकन- (फाइल फोटो)

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी शनिवार को भोपाल में अपना नामांकन दाखिल करेंगे. नामांकन से एक दिन पहले ही हरदीप सिंह पुरी शुक्रवार देर रात भोपाल पहुंच गए हैं.  यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है. मुरुगन ने 13 अक्टूबर को राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जबकि उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था. उनके इस्तीफे के बाद बीजेपी हाईकमान ने इस सीट के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नाम पर मुहर लगाई है.

सीएम मोहन यादव रहेंगे मौजूद

नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कई अन्य वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. यह प्रक्रिया दोपहर 12:00 बजे विधानसभा में संपन्न होगी. मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह 11:00 बजे तक विधानसभा पहुंच जाएंगे. मंत्री कृष्णा गौर ने नामांकन के लिए प्रस्तावक बनने हेतु सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं.

देर रात भोपाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी कल देर रात भोपाल पहुंचे. भोपाल हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया. हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करने भोपाल आए हैं. उनके आने से राज्य के भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है. आज कई पूर्व-निर्धारित कार्यक्रमों और धार्मिक स्थलों के दौरे के बाद वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए विधानसभा जाएंगे.

जानिए पूरा शेड्यूल

हरदीप सिंह पुरी नामांकन दाखिल करने से पहले सुबह 9:05 बजे करुणाधाम आश्रम जाएंगे और उसके बाद सुबह 9:35 बजे गुरुद्वारा साहिब जाएंगे. वे सुबह 10:00 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचेंगे. सुबह 10:40 बजे वे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करेंगे. वे दोपहर 12:00 बजे मध्य प्रदेश विधानसभा भवन के लिए रवाना होंगे और दोपहर 3:00 बजे भोपाल से नई दिल्ली के लिए निकलेंगे.

मध्य प्रदेश में कुल 230 विधायक हैं. राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए सामान्य तौर पर 116 वोटों की जरूरत होती है. लेकिन इस बार कांग्रेस के विधायक मुकेश मल्होत्रा वोट नहीं डाल सकते. इसलिए अब 229 विधायकों के हिसाब से ही पूरा गणित तय होगा और जीत का आंकड़ा भी उसी के अनुसार निकाला जाएगा.

राज्यसभा चुनाव का शेड्यूल

2 नवंबर: नामांकन की अंतिम तारीख
3 नवंबर: नामांकन पत्रों की जांच होगी
5 नवंबर: नाम वापसी की तारीख
मतदान/काउंटिंग (12 नवंबर) मतदान: सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक.   इसके बाद काउंटिंग होगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More