)
पिछले दिनों भोपाल में IAS पल्लवी मिश्रा और पंजाब कैडर के IAS डॉ. आदित्य शर्मा ने शादी कर ली. इनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं. दोनों आईएएस अफसरों की शादी की चर्चा भी खूब हो रही है. दोनों अलग-अलग कैडर से जुड़े हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि जब दो IAS की शादी होती है तो वे सर्विस के दौरान एक ही शहर या राज्य में कैसे रह सकते हैं? क्या को अपना कैडर बदलने की छूट मिलती है? क्या पति-पत्नी होने के नाते दोनों की तैनाती एक ही राज्य में मिलना उनका अधिकार है?....इसका जवाब केंद्र सरकार के नियमों में मिलता है.
IAS बनने के बाद अफसर को एक राज्य या राज्यों के समूह का कैडर आवंटित किया जाता है. इसी कैडर में रहकर वह अपने सेवाकाल का बड़ा हिस्सा काम करते हैं. उदाहरण के लिए पंजाब कैडर, मध्य प्रदेश कैडर. अगर पति-पत्नी दोनों IAS हैं और उनके कैडर अलग-अलग हैं, तो उन्हें साथ रहने के लिए कैडर बदलने का विकल्प मिल सकता है. इसे इंटर-कैडर ट्रांसफर कहा जाता है.
जानकारी के मुताबिक, IAS अधिकारियों के कैडर बदलने का प्रावधान IAS (Cadre) Rules, 1954 के नियम 5(2) में निहित है. इसके जरिए केंद्र सरकार संबंधित राज्य सरकारों की सहमति से किसी अधिकारी का कैडर बदल सकती है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के नियमों को देखें तो अगर पति-पत्नी दोनों अखिल भारतीय सेवा यानी IAS, IPS या IFS हैं, तो शादी के आधार पर कैडर बदलने का आवेदन कर सकते हैं. ऐसे में दोनों में से किसी एक के कैडर में दूसरे को ट्रांसफर कर दिया जाता है. जरूरी है इसके लिए राज्य सरकार की अनुमति हो.
वहीं, अगर दोनों राज्यों की सरकारें अपने यहां दूसरे अधिकारी को रखने से इनकार कर देती हैं, तो केंद्र सरकार किसी तीसरे कैडर का विकल्प दे सकती है. इसके लिए उस राज्य की सहमति भी जरूरी है. गौर करने वाली बात ये है कि अधिकारी को उसके अपने गृह राज्य में कैडर ट्रांसफर नहीं दिया जाता. इसका मतलब शादी के बाद पति या पत्नी को अपना कैडर बदलने का विकल्प मिलता है, लेकिन यह अपने आप मिलने वाला अधिकार नहीं है.
एक और बात समझना जरूरी है. कैडर एक होने का मतलब यह नहीं है कि पति-पत्नी दोनों को एक ही जिले या शहर में पोस्टिंग मिलेगी. अगर दोनों पंजाब कैडर में हैं, तो एक अधिकारी की पोस्टिंग अमृतसर में और दूसरे की चंडीगढ़ या किसी अन्य जिले में हो सकती है. उनकी पोस्टिंग प्रशासनिक जरूरत, उपलब्ध पद और सरकार के फैसले के आधार पर होती है. इसलिए कैडर एक होने से एक राज्य में नौकरी करने का रास्ता खुलता है, लेकिन एक ही शहर में रहने की गारंटी नहीं मिलती.
सरकार की इस व्यवस्था का मकसद यह है कि अखिल भारतीय सेवाओं में काम करने वाले अफसरों को शादी के बाद अलग-अलग राज्यों में रहने की परेशानी कम हो और वे अपने पारिवारिक जीवन के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभा सकें. हालांकि, कैडर बदलने का फैसला नियमों, संबंधित राज्यों की सहमति और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर ही लिया जाता है. यानी IAS की शादी के बाद कैडर बदल सकता है, लेकिन एक ही शहर में पोस्टिंग मिलना जरूरी नहीं है.