App

भीषण ठंड से जकड़ने वाला है राजस्थान का एक-एक कोना! चप्पे-चप्पे पर होगी हांड जमाने वाली सर्द हवा की नजर, पढ़ें वेदर अपडेट

राजस्थान में अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. 27 से 30 नवंबर के बीच शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग में शीतलहर चल सकती है. शेखावाटी में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री और अजमेर-कोटा में 8 से 11 डिग्री तक रहने की संभावना है.

भीषण ठंड से जकड़ने वाला है राजस्थान का एक-एक कोना! चप्पे-चप्पे पर होगी हांड जमाने वाली सर्द हवा की नजर, पढ़ें वेदर अपडेट
Image Credit: Rajasthan Weather Update (AI Image)

Rajasthan Kal Ka Mausam: राजस्थान में सर्दी अब धीरे-धीरे अपना असर दिखाने वाली है. मौसम विभाग ने 27 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक के लिए अगले दो सप्ताह का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक, प्रदेश में अगले 14 दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, नवंबर के आखिरी दिनों में कुछ इलाकों में ठंड का असर काफी बढ़ सकता है. खासकर शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 27 से 30 नवंबर के बीच शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

पिछले सप्ताह राजस्थान में नहीं हुई बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 20 से 26 नवंबर के बीच राजस्थान में बिल्कुल बारिश दर्ज नहीं की गई. इस दौरान प्रदेश में वास्तविक बारिश शून्य मिली, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 1.5 मिलीमीटर था. यानी सामान्य से 100 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई. पूर्वी राजस्थान में भी इस अवधि में बारिश नहीं हुई. यहां सामान्य बारिश 2.5 मिलीमीटर थी. वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश का आंकड़ा शून्य रहा, जबकि सामान्य बारिश 0.6 मिलीमीटर थी. इस तरह पिछले सप्ताह प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश की कमी 100 प्रतिशत रही.

अगले दो सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर से 10 दिसंबर तक राजस्थान के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान पहले और दूसरे सप्ताह में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है. यानी अगले दो सप्ताह में बारिश को लेकर कोई खास गतिविधि देखने को मिलने की संभावना नहीं है. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रह सकता है.

शेखावाटी, अजमेर और कोटा में चलेगी शीतलहर
अगले दो सप्ताह के पूर्वानुमान में सबसे अहम बात न्यूनतम तापमान को लेकर है. मौसम विभाग के मुताबिक, 27 से 30 नवंबर के दौरान शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर संभाग और कोटा संभाग में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है.

शेखावाटी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं अजमेर और कोटा संभाग में न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है. ऐसे में नवंबर के आखिरी दिनों में इन इलाकों में रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ सकता है.

 

अधिकतम तापमान में नहीं होगा खास बदलाव
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है. पहले और दूसरे सप्ताह में भी अधिकतम तापमान ज्यादातर स्थानों पर सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है.

मौसम में बदलाव की वजह क्या है?
मौसम विभाग की रिपोर्ट में पश्चिमी विक्षोभ का भी जिक्र किया गया है. इसके तहत मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक ट्रफ बना हुआ है. इसकी धुरी समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 78 डिग्री पूर्वी देशांतर के साथ 28 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में बनी हुई है. इसके अलावा गुजरात और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है. कुल मिलाकर, राजस्थान में अगले दो सप्ताह मौसम शुष्क रहने वाला है, लेकिन नवंबर के आखिरी दिनों में शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More