App

ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में शुरू होगी जंगल सफारी: जिप्सी में बैठकर जंगल की सैर करेंगे पर्यटक, युवाओं को मिलेगा रोजगार

मध्य प्रदेश के ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में जंगल सफारी शुरू होने से पहले शनिवार को ट्रायल किया गया. जंगलों के बीच बने 28 किलोमीटर लंबे सफारी मार्ग का भ्रमण किया गया.

ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में शुरू होगी जंगल सफारी: जिप्सी में बैठकर जंगल की सैर करेंगे पर्यटक, युवाओं को मिलेगा रोजगार
Image Credit: जी संवाददाता

मध्यप्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व से बैतूल के पर्यटन को नई पहचान मिलने जा रही है. यहां जल्द ही जंगल सफारी शुरू होगी, जहां पर्यटक जिप्सी में बैठकर वन्यजीवों और जंगल की खूबसूरती का दीदार कर सकेंगे. खास बात यह है कि इस सफारी से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यहां कई विकास कार्यों का भूमि पूजन किया है.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने किया भूमिपूजन

बैतूल के महुपानी में सफारी गेट और टिकट काउंटर सहित पर्यटन सुविधाओं के निर्माण का भूमिपूजन किया गया. इन कार्यों पर 42 लाख रुपये से अधिक खर्च होंगे. इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने करीब 25 किलोमीटर जंगल सफारी कर पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया. ताप्ती रिजर्व में आसपास के गांवों के 27 युवाओं को गाइड प्रशिक्षण दिया जा रहा है. स्थानीय जिप्सी चालकों और ग्रामीणों को भी सफारी से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा जनजातीय परिवारों के लिए होमस्टे और दो स्थानों पर बटरफ्लाई पार्क विकसित करने की योजना है.

बटरफ्लाई पार्क विकसित होगा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ताप्ती रिजर्व के विकास और बटरफ्लाई पार्क के लिए करीब 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है. अब उम्मीद है कि मध्यप्रदेश का यह पहला ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार का भी नया केंद्र बनेगा. सफारी ट्रायल के दौरान दक्षिण वन मंडल के धावड़ा, गौनीघाट, कोलूढाना, धावड़ाखार और आसपास के वन क्षेत्रों का भ्रमण किया गया. इस दौरान घोड़ीदेव व्यू पाइंट सहित जंगल के विभिन्न प्राकृतिक स्थलों को देखा गया.

होमस्टे भी बनाए जाएंगे

ताप्ती रिजर्व पर पर्यटन बढ़ने का सीधा फायदा स्थानीय लोगों को भी होगा. जनजातीय परिवारों को समूहों में संगठित कर सुरक्षित और सुविधायुक्त होमस्टे बनाए जाएंगे. यहां पर्यटक स्थानीय परिवेश और जनजातीय जीवनशैली का भी अनुभव प्राप्त कर सकेंगे. इससे ग्रामीण परिवारों को पर्यटकों के ठहरने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर आर्थिक लाभ होगा.

(रूपेश कुमार की रिपोर्ट) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More