)
गाजियाबाद जिला के शालीमार गार्डन में घर के बाहर पहुंचकर फायरिंग करने और कार के शीशे तोड़ने के मामले में पुलिस ने कुलदीप कसाना को गिरफ्तार किया है. पुलिस के हत्थे चढ़े कुलदीप कसाना लोनी निवासी है. पुलिस ने अनुसार, उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग कर दहशत फैलाई थी. पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, 32 बोर की पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और तीन खोखे बरामद किए हैं.
इसके अलावा टीला मोड़ थाना क्षेत्र में बारातियों को डराने-धमकाने और अपना रौब दिखाने के इरादे से हवाई फायरिंग करने वाले दो आरोपियों गौरव डागर निवासी निस्तौली और शनि निवासी शालीमार गार्डन को डीमार्ट के सामने से गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई लाल रंग की ब्रेजा कार बरामद की गई है.
20 नवंबर की रात करीब आठ बजे आरोपियों ने शालीमार गार्डन एक्सटेंशन प्रथम स्थित एस-38 ऑफिस में सन्नी नाम के युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी. इसके बाद रात करीब ढाई बजे कुलदीप अपने साथियों के साथ नमन चौधरी के घर पहुंचा. वहां गाली-गलौज और फायरिंग करने के साथ ही घर के बाहर खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी.
पुलिस की पूछताछ में कुलदीप कसाना ने बताया कि नमन पर उसके पैसे बकाया थे, जिन्हें मांगने पर वह वापस नहीं कर रहा था. इसी विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया. इससे पहले 20 नवंबर की रात करीब 11 बजे कुलदीप ने दो साथियों के साथ टीला मोड़ क्षेत्र के काका पैलेस में भी हवाई फायरिंग की थी. कुलदीप पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज हैं.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी कुलदीप कसाना के साथ ब्रेजा कार से जा रहे थे. रास्ते में बारात की घुड़चढ़ी के दौरान रास्ते को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान बारातियों को डराने और अपना रौब दिखाने के लिए उन्होंने निस्तौली रोड पर हवाई फायरिंग की थी. पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई है. अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है.
रिपोर्ट: वैभव शर्मा