App

सूंड उठाकर अनारकली ने कहा THANK YOU! रोहिणी-केतकी का मनाया बर्थडे, प्यार भरा अंदाज देख हैरान रह गए गेस्ट

पन्ना टाइगर रिजर्व में हथिनी अनारकली के जुडवां शावकों का पहला जन्मदिन मनाया गया. इस दौरान जमकर हाथिनी रोहिणी और केतकी ने मस्ती की. हथिनी अनारकली अपना सुड उठाकर गेस्ट को धन्यवाद कहा.

सूंड उठाकर अनारकली ने कहा THANK YOU! रोहिणी-केतकी का मनाया बर्थडे, प्यार भरा अंदाज देख हैरान रह गए गेस्ट
Image Credit: रोहिणी और केतकी का जन्मदिन मनाया गया (Photo-AI)

पन्ना टाइगर रिजर्व के लिए आज का दिन बेहद खास रहा. पन्ना टाइगर रिजर्व की वरिष्ठ हथिनी अनारकली की जुड़वां बेटियों रोहिणी और केतकी का पहला जन्मदिन 21 नवंबर 2026 को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर कलेक्टर पन्ना हर्ष सिंह और एसपी सव्यसाची सराफ भी गजशाला पहुंचे और पहली वर्षगांठ पर फल और मिठाई अनारकली को खिलाकर जन्मदिन मनाया गया. इस मौके पर टाइगर रिजर्व के प्रबंधन अधिकारियों के साथ हाथियों के महावत, चाराकटर और ग्रामीण उपस्थित रहे.

यह जन्मदिन समारोह हिनौता हाथी कैंप में आयोजित किया गया, जहां अतिथियों ने तालियों के बीच रोहिणी और केतकी के लिए विशेष रूप से तैयार केक काटा. इसके बाद मां अनारकली और दोनों बच्चियों को केला, सेब, लड्डू और गुड़ समेत विशेष व्यंजनों का भोज कराया गया. अनारकली ने अपनी सूंड से अतिथियों का अभिवादन किया और पूरे हाथी कैंप में उत्सव का माहौल रहा.

दरअसल, 21 नवंबर 2025 को हथिनी अनारकली ने हिनौता परिक्षेत्र में लगभग साढ़े तीन घंटे के अंतराल में दो मादा शावकों को जन्म दिया था. पहली बच्ची का जन्म दोपहर 2:20 बजे खैरिया स्थल पर और दूसरी का शाम 5:50 बजे हिनौता हाथी कैंप में हुआ. पन्ना टाइगर रिजर्व के इतिहास में यह पहला अवसर था, जब किसी हथिनी ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया. आज दोनों बच्चियां रोहिणी और केतकी पूरी तरह से स्वस्थ हैं और अपनी मां के साथ हाथी दल की चहेती बन गई हैं.

हाथियों में जुड़वां बच्चों का जन्म अत्यंत दुर्लभ घटना

प्रसिद्ध हाथी विशेषज्ञ प्रो. रमन सुकुमार और अंतरराष्ट्रीय संस्था 'सेव द एलिफेंट्स' के अनुसार, हाथियों के कुल जन्मों में जुड़वां बच्चों का अनुपात लगभग 1 प्रतिशत या उससे भी कम है. वैज्ञानिकों के अनुसार, हाथी जैसे बड़े और दीर्घायु स्तनधारी प्रायः एक बार में एक ही संतान को जन्म देते हैं और उसी के पालन-पोषण में लंबा समय व ऊर्जा लगाते हैं. हथिनी में दुग्ध-ग्रंथियां भी केवल दो होती हैं, जो एक शावक के पोषण के लिए उपयुक्त हैं.

हाथी विशेषज्ञ प्रो. रमन सुकुमार ने बताया कि हाथी का गर्भकाल सभी स्तनधारियों में सबसे लंबा लगभग 18 से 22 महीने का होता है. जुड़वां शावकों का जीवित रहना और भी कठिन होता है, क्योंकि मां प्रायः दोनों के लिए पर्याप्त दूध नहीं दे पाती, जिससे जंगल में जुड़वां शावकों में मृत्यु दर अधिक रहती है. देश में बांदीपुर (कर्नाटक) जैसे गिने-चुने स्थानों पर ही हाथियों के जुड़वां जन्म दर्ज हुए हैं. ऐसे में 57 वर्षीय अनारकली की दोनों बच्चियों का स्वस्थ रूप से एक वर्ष पूर्ण करना अपने आप में उपलब्धि है, जो पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, महावतों और हाथी प्रबंधन दल के लिए प्रसन्नता की बात है.

विशेषज्ञ प्रो. रमन सुकुमार ने कहा कि हथिनी अनारकली पन्ना टाइगर रिजर्व के हाथी दल की सबसे पुरानी सदस्यों में से है. उसे वर्ष 1986 में सोनपुर मेले से लाया गया था. लगभग चार दशकों से वह रिजर्व में गश्ती, बाघ निगरानी और रेस्क्यू कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है. यह अनारकली का छठां प्रसव था. इन जुड़वां बच्चियों के जन्म से रिजर्व के हाथी दल की संख्या 21 हो गई थी, जो वन सुरक्षा और बाघ संरक्षण में हाथियों के महत्व को और सुदृढ़ करती है. इस अवसर पर अतिथियों ने अनारकली, रोहिणी और केतकी को शुभकामनाएं दी.

रिपोर्ट: पियुष शुक्ला

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More