App

भोपाल में GEN-Z को साधने की बड़ी तैयारी: 6 अक्टूबर को 'सीएम यूथ कनक्लेव 2026', छात्रों को मिल सकती हैं बड़ी सौगातें!

MP News: मध्य प्रदेश सरकार Gen-Z को जोड़ने के लिए 6 अक्टूबर को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 'CM यूथ कॉन्क्लेव 2026' आयोजित कर रही है. इस कार्यक्रम में राज्य भर से हजारों कॉलेज छात्र हिस्सा लेंगे.

भोपाल में GEN-Z को साधने की बड़ी तैयारी: 6 अक्टूबर को 'सीएम यूथ कनक्लेव 2026', छात्रों को मिल सकती हैं बड़ी सौगातें!
Image Credit: AI जनरेटेड फोटो

मध्य प्रदेश में Gen-Z यानी युवा वोटर्स को साधने के लिए मोहन सरकार एक बड़ा दांव चलने जा रही है. राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 6 अक्टूबर को ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव 2026’ का भव्य आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश भर से हजारों कॉलेज छात्र-छात्राएं जुटेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव युवाओं से सीधे संवाद कर उनके करियर, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे. उच्च शिक्षा विभाग ने इस कार्यक्रम के संबंध में विश्वविद्यालयों के  कुलसचिवों और कॉलेजों के प्राचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.

छात्रों को मिल सकती हैं बड़ी सौगातें!
इस राज्य-स्तरीय कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और युवाओं के बीच सीधी बातचीत होगी. मुख्यमंत्री छात्रों से उनके करियर, उच्च शिक्षा और भविष्य की प्राथमिकताओं पर सीधे चर्चा करेंगे. राजनीतिक और प्रशासनिक नजरिए से यह कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ऐसी अटकलें हैं कि मुख्यमंत्री मोहन यादव इस मंच के जरिए युवाओं के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं, स्कॉलरशिप और करियर से जुड़े बड़े तोहफों की घोषणा कर सकते हैं. यह कदम युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें राज्य के विकास में भागीदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.

GEN-Z को साधने की वजह क्या है?
Gen-Z के ज्यादातर युवा अब 18 साल के हो चुके हैं और वोट देने लायक बन गए हैं, जबकि कुछ अगले 1-2 साल में वोटर बन जाएंगे. यही वजह है कि चुनाव में यह वर्ग सबसे अहम माना जा रहा है. ये युवा किसी एक पार्टी या विचारधारा से नहीं बंधे हैं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और टेक्नोलॉजी जैसे अपने मुद्दों को देखकर वोट करते हैं. इसलिए Gen-Z को साधना भविष्य की राजनीति के लिए जरूरी हो गया है. जो भी दल युवाओं की भाषा और उनकी जरूरतों को समझेगा, वही आगे चलकर मजबूत रहेगा.

आज के युवाओं की प्राथमिकता
आज के युवाओं की प्राथमिकताएं पारंपरिक रोजगार से अलग हैं. वे न केवल सरकारी नौकरियों में, बल्कि स्टार्ट-अप, फ्रीलांसिंग, गिग इकॉनमी और उभरती हुई तकनीकों (जैसे AI और डिजिटल स्किल्स) में भी अवसर तलाशते हैं. अगर सरकारें युवाओं को कौशल विकास, इंटर्नशिप और नए अवसर प्रदान करती हैं, तो उनका भरोसा जीतना आसान हो जाता है.

कुल मिलाकर, 'CM यूथ कॉन्क्लेव 2026' के जरिए मध्य प्रदेश सरकार न सिर्फ युवाओं की समस्याओं पर ध्यान दे रही है, बल्कि भविष्य के सबसे बड़े वोट बैंक यानी Gen-Z के बीच अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की नींव भी रख रही है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव 6 अक्टूबर को लाल परेड ग्राउंड के मंच से युवाओं के लिए क्या नई घोषणाएं करते हैं और यह कदम कितना असरदार साबित होता है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More