मध्य प्रदेश में 21 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम में बदलाव के बीच अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है. हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को मंदसौर, रतलाम, आगर मालवा, राजगढ़, गुना, शाजापुर, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्ना और छिंदवाड़ा के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है. साथ ही कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है. बाकी जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है.
मौसम विभाग ने आने वाले कुछ घंटों में भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के कई जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक, भोपाल, विदिशा रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों में लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
मौसम विभाग के मुताबिक भोपाल और उसके आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने की उम्मीद है. कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 20°C रहने का अनुमान है, जबकि हवा की गति 8–10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक रह सकती है. जबलपुर में 21 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि सुबह और रात के समय थोड़ी ठंड महसूस हो सकती है.
खराब मौसम विभाग को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. IMD ने लोगों को खराब मौसम के दौरान बाहर न निकलने और घर के अंदर ही रहने की सलाह दी है. विभाग ने तूफान के समय पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास न खड़े होने की चेतावनी दी है और लोगों से खुले मैदानों में किसी भी तरह की बाहरी गतिविधि न करने को कहा है. तापमान के संबंध में विभाग ने बताया है कि अगले पांच दिनों में राज्य में न्यूनतम तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
पिछले 24 घंटों के दौरान, भोपाल, इंदौर, उज्जैन और सागर संभागों के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा. किसी भी संभाग में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया. चंबल संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 2.9°C तक कम रहा, जबकि जबलपुर संभाग में यह सामान्य से 2.2°C अधिक रहा.