)
मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'लाड़ली बहना योजना' से जुड़ी 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के लिए अच्छी खबर है. इस योजना की 41वीं किस्त का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है. सरकार 14 अक्टूबर को लाभार्थियों के खातों में किस्त की रकम ट्रांसफर करने जा रही है. हमेशा की तरह यह पैसा DBT के जरिए सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजा जाएगा. किस्त की तारीख तय होने के बाद पूरे राज्य की लाड़ली बहनों में काफी उत्साह है.
सीएम मोहन यादव ट्रांसफर करेंगे पैसा
इस बार राज्य-स्तर का मुख्य और भव्य कार्यक्रम उमरिया जिले में आयोजित किया जा रहा है. उमरिया में होने वाले इस बड़े कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिंगल क्लिक के जरिए राज्य भर की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे ₹1,500 की राशि ट्रांसफर करेंगे. करीब 1 करोड़ 25 लाख महिलाओं को यह राशि मिलेगी.
सरकार की यह पहल महिलाओं को आर्थिक मदद देगी, जिससे वे आसानी से अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर पाएंगी. साथ ही त्योहारों के सीजन में उनके खातों में सीधे पैसे आने से उन्हें काफी आसानी होगी और वे जरूरी काम आसानी से कर पाएंगी. जिला प्रशासन ने उमरिया में इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
जानिए महिलाओं को मिलेंगे कितने रुपए?
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत ₹1,000 की राशि के साथ हुई थी. बाद में इसे बढ़ाकर ₹1,250 कर दिया गया और नवंबर 2025 से इसे बढ़ाकर ₹1,500 किया गया. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस राशि को चरणबद्ध तरीके से ₹3,000 प्रति माह तक बढ़ाने का वादा किया है. फिलहाल महिलाओं के खातों में ₹1,500 की राशि ट्रांसफर की जाएगी.
इन महिलाओं का अटक सकता है पैसा
लाडली बहना योजना का पैसा पाने के लिए ई-केवाईसी और समग्र आईडी होना बहुत जरूरी है. सरकार ने जांच में लाखों अपात्र महिलाओं के नाम लिस्ट से हटा दिए हैं. अगर किसी महिला की उम्र 60 साल से ज्यादा हो जाती है तो उसका नाम भी योजना से हटा दिया जाता है. साथ ही जिन महिलाओं का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है या जिनका DBT चालू नहीं है, उनकी किस्त का पैसा अटक सकता है.
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है
लाड़ली बहना योजना मध्य प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का एक बड़ा जरिया बन गई है. हर महीने तय समय पर खातों में आने वाली यह राशि न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाती है, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाती है. उमरिया से मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक में धनराशि ट्रांसफर करने का यह कार्यक्रम एक बार फिर साबित करता है कि सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उम्मीद है कि यह आर्थिक मदद बहनों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाएगी.