)
लाड़ली बहना योजना से अब तक वंचित रही महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा खोलने की तैयारी कर रही है. इसके बाद योजना के लिए पात्र नई और छूटी हुई महिलाओं को आवेदन करने का मौका मिल सकता है. योजना में नए नाम जोड़ने को लेकर चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने अहम बयान दिया है. नरेंद्र शिवाजी पटेल के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि आने वाले समय में लाड़ली बहना योजना से छूटी पात्र महिलाओं के नाम भी जोड़े जाएंगे. इसके लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को योजना के लाभ से वंचित महिलाओं की संख्या का आकलन करने के निर्देश दिए हैं.
चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने खुशी जताते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के वंचित पात्र महिलाओं को शामिल करने की घोषणा की है. इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में ऐसी महिलाओं की संख्या का आकलन किया जाए, जो किसी कारणवश अब तक योजना का लाभ नहीं ले पाई हैं. इसके लिए अधिकारियों को आंतरिक सर्वे कर छूटी हुई पात्र महिलाओं का आंकड़ा जुटाने के निर्देश दिए गए हैं.
कब खुलेंगे पोर्टल?
हालांकि पोर्टल कब खुलेंगे इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है. अधिकारी अभी स्थिति का जायजा ले रहे हैं और यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पोर्टल खोलने के बारे में आधिकारिक घोषणा की जाएगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे पोर्टल को फिर से खोलने के बारे में जल्द से जल्द जानकारी दें.
41वीं किस्त जारी
अब तक मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी की जा चुकी है. 14 अक्टूबर बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने योजना के तहत 1.25 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते में 1500-1500 रुपए ट्रांसफर किए. इस किस्त के तहत कुल 1834 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई. उमरिया जिले के गुरुवाही गांव में आयोजित राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन के दौरान यह राशि हस्तांतरित की गई. स्टेटस देखने के लिए लाड़ली बहना योजना के ऑफिशियल पोर्टल (https://cmladlibahna.mp.gov.in) पर लॉग इन करके स्टेटस चेक कर सकते हैं. संबंधित ऑप्शन पर क्लिक करके आप अपने एप्लीकेशन और पेमेंट का स्टेटस देख सकते हैं. आप अपने लाड़ली बहना रजिस्ट्रेशन नंबर या यूनिक ID और OTP का इस्तेमाल करके लॉग इन कर सकते हैं. इसके बाद आपके बैंक अकाउंट की जानकारी दिखाई देगी.