6 महीने लिव-इन, फिर खंडवा के मंदिर में शादी… कुछ देर बाद ऐसा क्या हुआ कि मंसूरी को ले गए परिजन?
खंडवा जिले में मुस्लिम लड़की ने हिंदु युवक से शादी की. इसके बाद युवती के नाराज परिजन उसे जबरन उठाकर ले गए. इस पर युवती ने वीडियो जारी किया है. आइए जानते हैं कि उसने क्या कहा है?
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मुस्लिम लड़की हिंदू युवक से शादी करने के बाद नाराज परिजन युवती को जबरन उठाकर अपने साथ लेकर गए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों ने 26 अक्टूबर दिन सोमवार को दोपहर में ही महादेव गढ़ मंदिर में शादी की थी. इसके बाद शाम को नोटरी के पास वैधानिक दस्तावेज बनाने पहुंचे थे. जहां युवती के परिजन भी नोटरी कार्यालय पहुंचे, जहां से लड़की को पकड़कर अपने साथ ले गए.
बताया जा रहा है कि इस दौरान लड़के ने जब विरोध किया तो उसके साथ धक्का मुक्की की. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. साथ ही, युवक ने कोतवाली थाने में आवेदन देकर उसके साथ मारपीट और अपनी पत्नी का अपहरण करने के मामले में शिकायती आवेदन दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कहां के रहने वाले हैं दोनों
दरअसल, युवक और युवती खंडवा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. दोनों पिछले 6 महीने से इंदौर में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. सोमवार की दोपहर दोनों ने महादेव गढ़ मंदिर में शादी रचाई और शाम को नोटरी कार्यालय में डॉक्युमेंट्स रेडी करवाने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान लगभग कुछ लोग आए और वहां से लड़की पकड़कर अपने साथ कार में बैठाकर ले गए.
तेजपाल ने लगाया आरोप
युवक तेजपाल राजपूत ने बताया कि उन्होंने महादेव गढ़ मंदिर में शादी की और इसके बाद अपनी पत्नी तंजीम मंसूरी के साथ नोटरी कार्यालय पहुंचे. वहां से जरूरी कागजात तैयार कर वे बयान देने पदम नगर थाने जा रहे थे. तेजपाल का आरोप है कि इसी दौरान 15-20 लोग अचानक आए, उनके साथ मारपीट की और उनकी पत्नी को अपने साथ ले गए.
क्या बोले मंदिर संरक्षक
वहीं, तंजीम मंसूरी का कहना है कि वह अपनी मर्जी से तेजपाल के साथ आई हैं. दोनों ने शादी कर ली है. उन्होंने बताया कि वह बालिग हैं और अपने फैसले खुद ले सकती हैं. नैन्सी ने अपने घरवालों से अपील की कि पुलिस का सहारा लेकर तेजपाल के परिवार को परेशान न करें. उन्होंने साफ कहा कि वह अपनी मर्जी से आई हैं, उनके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई और वह तेजपाल के साथ खुश हैं.
ये भी पढ़ेंः जान से खिलवाड़? घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिली 108 एंबुलेंस, मालवाहक में ऑक्सीजन सिलेंडर बांधकर मरीज पहुंचे अस्पताल
जल्द होगा मामला दर्ज
महादेवगढ़ मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल ने बताया कि तेजपाल और तंजीम मंसूरी ने मांधातागढ़ में वैदिक रीति-रिवाज से शादी की थी. इसके बाद दोनों नोटरी से कागजात तैयार कराने माली कुआं पहुंचे. आरोप है कि इसी दौरान 20-30 लोग आए, तेजपाल से मारपीट की और नैन्सी को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए. उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर नैन्सी को तेजपाल के पास वापस लाने की मांग की. इस मामले में डीएसपी का कहना है कि लड़की जिसे परिजन अपने साथ ले गए हैं. उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस लड़की के परिजनों को संपर्क में है. जल्द ही लड़की के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा.
(रिपोर्टः प्रमोद सिन्हा, मंडला)