App

कटनी में बस किराए पर बवाल, छात्राओं को बस से उतारने की धमकी का VIDEO वायरल, कंडक्टर पर गिरी गाज

Katni Bus Fare Dispute: कटनी में स्कूल-कॉलेज की छात्राओं से बस में ज्यादा किराया वसूलने और बदसलूकी का मामला सामने आया है. इस पर बस संचालक ने सफाई देते हुए कार्रवाई की बात कही है.

कटनी में बस किराए पर बवाल, छात्राओं को बस से उतारने की धमकी का VIDEO वायरल, कंडक्टर पर गिरी गाज
Image Credit: ZEE MEDIA

Katni School Bus News: ​कटनी जिले के ग्रामीण इलाकों में स्कूल और कॉलेज की बसों में ज्यादा किराया वसूले जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि कुछ बस संचालकों की तरफ से स्कूल-कॉलेज के छात्रों से किराए से ज्यादा राशि वसूलने और अभद्रता करने का आरोप लग रहे हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक के रिश्तेदार की बस में ज्यादा किराए को लेकर विवाद खड़ा हुआ है.

दरअसल, सोमवार के दिन विरोध प्रदर्शन के बाद मंगलवार को छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं, कि उन्हें जबरन बसों में बैठने से रोक दिया गया, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. इसका एक वीडियो भी सामने आया है. इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कंडक्टर महाविद्यालय की छात्राओं से पूरा किराया वसूलने की जिद कर रहा है. मना करने पर उन्हें डरा-धमकाकर बस से नीचे उतरने की धमकी देता दिख रहा है.

बदसलूके के लगाए आरोप
एक छात्र ने बताया कि यह वीडियो सोमवार का है. जब छात्र-छात्राएं क्षेत्रीय विधायक की पारिवारिक कंपनी की बस (गाड़ी संख्या- MP18 ZK 5056) में सवार होकर रायपुर जा रहे थे. इसी दौरान बस कंडक्टर छात्रों से रियायती दर की जगह पूरा किराया वसूलने पर अड़ गया. जब छात्रों ने इसका विरोध किया, तो कंडक्टर ने उनसे अभद्रता की. इतना ही नहीं उन्हें बस से नीचे उतारने की धमकी भी दी. जिसके बाद छात्रों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया.

बस में बैठाने से इनकार
बहोरीबंद शासकीय महाविद्यालय में बीएससी सेकेंड सेमेस्टर की छात्रा प्रिया यादव ने गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा का कहना है कि बस कंडक्टर न केवल कॉलेज के विद्यार्थियों, बल्कि स्कूली छात्र-छात्राओं से भी मनमाना किराया वसूल रहे हैं. प्रिया ने आगे बताया कि हमने इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और ज्ञापन दिया, तो आज बदला लेने की नीयत से हमें बस में बैठाने से ही इनकार कर दिया गया.

सख्त कार्रवाई की मांग
उन्होंने आगे कहा कि बस चालकों और कंडक्टरों के ऐसे व्यवहार के कारण हम सभी छात्राओं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है. अतिरिक्त किराया वसूलने और आए दिन होने वाली इस तरह की बदसलूकी से परेशान होकर सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) के नाम ज्ञापन सौंपा था. ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने विद्यार्थियों से लिए जा रहे अवैध व अतिरिक्त किराए पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने और दोषी बस कर्मियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी.

बस मालिक ने क्या कहा?
यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो बस के मालिक ने देखा. वीडियो देखने के बाद संबंधित बस कंडक्टर को सेवा से हटा दिया. बस मालिक आदित्य आनंद का कहना है कि वीडियो हमारे संज्ञान में आया है, जिसे देखन के तुरंत बाद कंडक्टर की सेवाओं को समाप्त कर दिया है. उन्होंने किराए को लेकर भी स्पष्ट कर दिया कि हमारी बसों में बच्चों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त किराया नहीं लिया जा रहा है. वहीं इस पूरे मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने कार्रवाई की बात कही है.
(रिपोर्टः नितिन चावरे, कटनी)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More