इटारसी में युवती से दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात की दवा ने खोला राज…दो भाइयों पर केस, 1 गिरफ्तार
Itarsi Rape Case: इटारसी में एक युवती ने अनुज सोनकर पर दुष्कर्म और उसके बड़े भाई राहिल सोनकर पर गर्भपात के लिए दवा देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
Narmadapuram Crime News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में एक युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. इसमें इटारसी के कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद के छोटे बेटे अनुज सोनकर पर युवती ने आरोप लगाए हैं. साथ ही आरोपी के बड़े भाई राहिल सोनकर पर गर्भपात करने के लिए गोली देने का आरोप लगाते हुए नर्मदापुरम महिला थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने युवती की शिकायत पर मुख्य आरोपी समेत उसके बड़े भाई के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. हालांकि, पुलिस ने आरोपी के बड़े भाई राहिल सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है.
महिला थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी अनुज सोनकर, नई गरीबी लाइन, इटारसी और पीड़ित नाबालिग एक-दूसरे को पहले से जानते थे. आरोपी ने फरवरी 2026 में पीड़िता के घर अकेले होने पर पहली बार उसके साथ जबरदस्ती की, फिर कई बार दुष्कर्म किया. जून में जब पीड़िता ने गर्भवती होने की बात कही, तो आरोपी के बड़े भाई राहिल सोनकर ने मेडिकल से दवा लाकर दी, जिससे पीड़िता का अवैध गर्भपात कराया गया. गर्भपात के करीब तीन महीने बाद आरोपी पीड़िता को इटारसी स्थित एक कैफे के केबिन में ले गया और दोबारा गलत हरकत की.
आरोपी की तलाश जारी
इसके बाद 10 सितंबर को जब पीड़िता ने आरोपी से शादी करने की बात कही, तो उसने साफ इनकार कर दिया और दोनों में विवाद हो गया. परेशान होकर पीड़िता ने अपने भाई और परिजनों के साथ महिला थाने, नर्मदापुरम में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. मामले में आरोपी के बड़े भाई राहिल सोनकर को दवा लाकर देने के आरोप में सह-आरोपी बनाया गया है. मुख्य आरोपी अनुज सोनकर के पिता रजनीकांत सोनकर इटारसी में कांग्रेस नेता हैं और कई बार कांग्रेस से वार्ड पार्षद रह चुके हैं. वहीं, आरोपी का भाई राहिल सोनकर भी बीजेपी नेता है. जिस पर भी युवती ने गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. वहीं, पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज सोनकर के भाई राहिल सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है.
पहले वह नाबालिग थी
महिला थाना प्रभारी राखी मौर्य ने बताया कि जब पीड़िता के साथ पहला शारीरिक संबंध बना था, तब वह नाबालिग थी, जबकि अब उसकी उम्र 19 साल है. उन्होंने कहा कि नाबालिग होने के दौरान उसका दो-तीन बार अबॉर्शन हो चुका है. मामले में इटारसी के रजनीकांत सोनकर के दोनों बेटों अनुज सोनकर और राहिल सोनकर को आरोपी बनाया गया है. अनुज सोनकर पर पीड़िता के साथ संबंध बनाने और राहिल सोनकर पर गर्भपात के लिए टैबलेट देने का आरोप है. पुलिस ने राहिल सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अनुज सोनकर की तलाश की जा रही है.