'जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं...', ग्वालियर हादसे पर CM का कड़ा एक्शन, हटाए गए CSP, 3 थाना प्रभारियों समेत 8 निलंबित
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. जिसके बाद CSP को तुरंत हटा दिया गया है . साथ ही SHO समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आम लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाशत नहीं किया जाएगा. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद CSP को तुरंत हटा दिया गया है और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.
निलंबित किए गए लोगों में तीन स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO), एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और तीन कांस्टेबल शामिल हैं. इस प्रशासनिक कार्रवाई को घटना के बाद जवाबदेही तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. इस जांच में घटना से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जाएगा, जिसमें पुलिस व्यवस्था में किसी भी तरह की संभावित लापरवाही भी शामिल है. निर्देश दिए गए हैं कि जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए.
राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्वालियर में सड़क हादस में लोगों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना पर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि ग्वालियर दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर से उन्हें बहुत दुख हुआ है. प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. प्रधानमंत्री मोदी ने 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष' से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी भीषण सड़क हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने निर्देश दिया है कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाए. इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के लिए मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं. घटना के बाद उन्होंने मंत्री ऐदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों और घायलों की स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया. बताया गया है कि प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर जिलों से हैं.
ट्रक मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रक के मालिक और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. झांसी रोड पुलिस स्टेशन की टीम ने इन दोनों को राजस्थान के धौलपुर से पकड़ा. इनकी पहचान ट्रक मालिक मोहित सिंह और ड्राइवर दिलबाग सिंह के रूप में हुई है. पुलिस फिलहाल दोनों संदिग्धों को सड़क मार्ग से ग्वालियर ला रही है. हादसे के तुरंत बाद ये दोनों ट्रक से कूदकर मौके से भाग गए थे, जिसके बाद पुलिस इनकी तलाश कर रही थी.
अब तक 15 की मौत
शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे ग्वालियर के चिनौर रोड पर एक बेकाबू ट्रक ने शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं को कुचल दिया. इस भीषण हादसे में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा, लगभग 33 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से 5 लोगों की हालत नाजुक है और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 लोगों की मौत... शीतला माता मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे सभी