App

ग्वालियर में तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 लोगों की मौत... शीतला माता मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे सभी

ग्वालियर में एक भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए. यह घटना चिनौर रोड पर शीतला माता मंदिर के पास हुई, जहां सभी सप्तमी के अवसर पर पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे.

ग्वालियर में तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 15 लोगों की मौत... शीतला माता मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे सभी
Image Credit: ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार- रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे एक दर्दनाक और भयावह घटना घटी. चिनौर रोड पर एक ढलान के पास बेकाबू हुए एक ट्रक ने शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं को कुचल दिया. इस भीषण हादसे में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा लगभग 33 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. इनमें से 5 लोगों की हालत नाजुक है और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. 

हादसे में दो पुलिसकर्मी भी घायल

हादसे की जानकारी देते हुए SSP धर्मवीर सिंह ने बताया कि, बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे. चिनौर की तरफ से आने वाली सड़क पर एक ढलान है, जहां भारी वाहनों का आना-जाना प्रतिबंधित है. रात करीब 1:30 बजे धान से लदा एक ट्रक वहां रुका था. वह पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ते हुए अचानक अनियंत्रित हो गया, नीचे की ओर आया और मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया. सड़क पर मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए, जिससे यह हादसा हुआ. मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

ट्रक वहां कैसे पहुंचा, जांच का विषय- कलेक्टर

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि, नवरात्रि के दौरान चिनौर रोड पर एक रोड बैरियर और पुलिस चेक-पॉइंट मौजूद था. इसलिए वाहन वहां कैसे पहुंच गया, यह जांच का विषय है. हमने ट्रक की मैकेनिकल जांच के लिए एक RTO टीम भी भेजी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें क्या खराबी आई और वह बाईं ओर कैसे मुड़ गया. घायलों के इलाज के संबंध में हमारी टीम लगातार उनके सीटी स्कैन और एक्स-रे कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें सही चिकित्सा देखभाल मिल सके.

सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

हादसे पर दुख जताते हुए सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा कि, ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है. इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है. सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा. प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं. बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

 

 


 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More