App

ठगी का अनोखा तरीकाः ग्वालियर में लाड़ली बहना का फॉर्म भरवाने निकली बुजुर्ग, गहने गंवाकर लौटीं

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक बुजुर्ग महिला से ठगी गई है. शातिर युवती ने फॉर्म भरवाने के बहाने बुजुर्ग महिला के गहने लेकर फरार हो गई.

ठगी का अनोखा तरीकाः ग्वालियर में लाड़ली बहना का फॉर्म भरवाने निकली बुजुर्ग, गहने गंवाकर लौटीं
Image Credit: ZEE Creative

ग्वालियर में लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 80 साल की बुजुर्ग महिला से ठगी हुई है. शातिर युवती ने बुजुर्ग को फॉर्म भरवाने के बहाने ऑटो में बैठाया. उसके बाद दिनभर शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाती रही. बाद में भीड़ में गहने कटने का डर दिखाकर जेवर उतरवा लिए और थैला लेकर फरार हो गई. झांसी रोड पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी युवती की तलाश शुरू कर दी है.

दअरसल, शहर के गली नंबर-1 निवासी 80 साल की विद्या बाई कुशवाह घर में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं. पीड़िता ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे वह दुकान पर अकेली थीं. तभी गुलाबी रंग का सलवार-सूट पहने करीब 25-26 साल की एक युवती नेल पॉलिश लेने आई. बातों ही बातों में उसने पूछा कि आपको लाड़ली बहना योजना का पैसा मिलता है या नहीं?

बुजुर्ग को पुरानी छावनी ले गई
जब बुजुर्ग ने मना किया तो उसने बताया कि वहां उसका फार्म भरवा देगी. इसके लिए उसे बड़ा ऑफिस चलना पड़ेगा. बुजुर्ग उसके झांसे में आ गईं और ऑटो में बैठ गईं. आरोपी युवती पहले उन्हें बहोड़ापुर चौराहे ले गई. वहां कोई सरकारी ऑफिस न दिखने पर बुजुर्ग ने घर छोड़ने को कहा तो वह उन्हें पुरानी छावनी ले गई. विरोध करने पर ऑटो वापस बाड़े की तरफ मोड़ा और सागर होटल वाली गली में ले जाकर उतार दिया.

युवती के झांसे में आई बुजुर्ग
यहां पहुंचकर युवती ने महाराज बाड़ा पर बहुत भीड़ होने की बात बोलकर कहा कि कोई आपके जेवर काट लेगा. इन्हें उतारकर थैले में रख लो. युवती के झांसे में आकर विद्या बाई ने सोने के टॉप्स, सोने के मोतियों वाला मंगलसूत्र, पेंडल, चांदी की अंगूठी, 200 रुपये नकद, घर की चाबियों के दो गुच्छे और पैन कार्ड, वोटर आईडी समेत सब कुछ एक छोटे थैले में रख लिया.

थैला लेकर रफूचक्कर हो गई
इसी दौरान युवती बातों में उलझाकर जेवरों से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गई. एक ई-रिक्शा चालक की मदद से बुजुर्ग किसी तरह घर पहुंची. इसके बाद परिजनों को पूरी बात बताई. परिजन उन्हें लेकर झांसी रोड थाने पहुंचे और शिकायत की. पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी खंगाले, जिसमें एक जगह बुजुर्ग के साथ गुलाबी सूट वाली संदेही युवती साफ नजर आ रही है. फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर तलाश की जा रही है. वहीं ASP जयराज कुवेर ने बताया कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
(रिपोर्टः करतार सिंह राजपूत, ग्वालियर)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More