)
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की सनातन हिंदू एकता यात्रा निकाली जा रही है. छतरपुर जिले के गढ़ा से होकर दूसरे दिन पन्ना पहुंची. इस यात्रा के दौरान हिंदू एकता का पोस्टर हाथ में लिए रो रही थी. महिलाओं का कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री की हिंदू एकता यात्रा में शामिल होने पहुंची थी. जहां पर इनके गले से सोने का मंगलसूत्र गायब हो गया. इस तरह की दर्जनों घटनाएं सामने आई हैं. किसी की चेन चोरी हो गई, तो किसी की जेब कट गई. इसके बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है.
वहीं यात्रा में शामिल होने के बाद कई पीड़ित लोग अमानगंज थाने में शिकायत लेकर पहुंचे. इस दौरान एक पीड़ित ने बताया कि भीड़ के साथ कुछ लोग जय श्री राम के नारे लगाते आए और धक्का दिया. जब तक हम संभले तब तक चेन गायब हो गई. किसी का मंगलसूत्र गायब होने की शिकायत सामने आई. जबकि कुछ लोगों ने जेब में रखे रुपए चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है.
महिलाएं कर रही चोरी ?
इनमें से एक पीड़ित शिक्षक मनीष कुमार रेजा का कहना है कि मैं गांधी चौक के पास खड़ा था. बागेश्वर महाराज की यात्रा निकल रही थी, तो कुछ महिलाएं चोरियां कर रही थीं. उन्होंने बताया कि मेरे गले पर एक महिला ने हात रखा, और चेन लेकर गायब हो गई. आगे बताया कि चेन एक सवा तोला की थी. मनीष कुमार का कहना है कि मैंने उसको पकड़ने की कोशिश की, लेकिन महिला आगे बढ़ गई, भीड़ इतनी अधिक थी कि धक्का लगने के कारण पकड़ नहीं पाया.
चेन-लॉकेट हो गया चोरी
वहीं दूसरे पीड़ित संतोष कुमार सोनी ने बताया कि सनातन हिंदू यात्रा के दौरान महाराज जी के दर्शन करने आया था. दर्शन करने के बाद में एकदम से महाराज की रैली निकलने के बाद में एकदम से भीड़ आई. आगे बताया कि जय श्री राम, जय श्री राम के नारे लगाते हुए भीड़ ने धक्का लगाया. मेरी चैन, लॉकेट सहित कम से कम 27 से 28 ग्राम की थी, वो छीन ले गए. उन्होंने बताया कि मुझे एहसास भी नहीं हो पाया कि चैन कब चली गई?
बीजेपी नेता की चेन चोरी
वहीं बीजेपी नेता जय प्रकाश चतुर्वेदी का कहना है कि महाराज की यात्रा में भीड़ बहुत चल रही है. इसमें बाहर के कोई चोर गिरोह चल रहा है. जिन्होंने कम से कम पांच-सात लोगों की चैन, मंगलसूत्र, नकदी ले गए हैं. उन्होंने बताया कि मेरी खुद ढाई तोला की चैन चोरी हो गई है. मुझे महसूस हुआ कि किसी ने मेरी कुछ यहां करा, तो मैंने फिर एकदम से देखा, उसी समय मैंने लगा के मेरी चैन चली गई. उन्होंने कहा कि दो-आगे-पीछे महिलाएं दिखी, तो मैंने उनको कहा कि इनको पकड़ो. आगे बताया कि उनको जनता पकड़ के थाने ले आए हैं. फिलहाल पुलिस अभी उनसे पूछताछ कर रही है. जब खुलासा होगा, तभी कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्टः पीयूष शुक्ला, पन्ना)