)
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले पांचवें T20 मैच से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपनी टीम की जीत और सफलता के लिए आध्यात्मिक आशीर्वाद मांगा है. रविवार सुबह करीब 10 बजे गौतम गंभीर और टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक उज्जैन पहुंचे और उन्होंने पूजनीय ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की.
बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे गौतम गंभीर
दोनों कोच ने मंदिर के चांदी के दरवाजों से भगवान महाकाल के दर्शन किए और फिर नंदी हॉल में बैठकर गहरी श्रद्धा के साथ ध्यान किया. इस धार्मिक यात्रा के दौरान सांसद अनिल फिरोजिया भी विशेष रूप से मौजूद थे और उन्होंने मंदिर समिति की ओर से दोनों मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया.
हम सभी पर आशीर्वाद बना रहे- गौतम गंभीर
पूजा-अर्चना और आशीर्वाद लेने के बाद मीडिया से बात करते हुए कोच गौतम गंभीर ने इस अनुभव को बेहद सुखद बताया. उन्होंने कहा कि, बाबा ने मुझ पर फिर से कृपा की है और मुझे दर्शन के लिए बुलाया है, जिसके लिए मैं सचमुच आभारी हूं. उनका आशीर्वाद हम सभी और पूरे देश पर बना रहे, और हमारा देश व भारतीय टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहें.
महाकाल के दरबार में भक्तों का तांता
बता दें कि जब भी भारतीय क्रिकेट टीम मध्य प्रदेश के इंदौर में कोई बड़ा मैच खेलती है, तो खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ अक्सर उज्जैन के महाकाल मंदिर जाते हैं. गौतम गंभीर से पहले भारतीय महिला क्रिकेट स्टार हरलीन देओल और मशहूर अभिनेत्री ईशा कोपिकर ने उज्जैन जाकर सुबह-सुबह होने वाली प्रसिद्ध 'भस्म आरती' में हिस्सा लिया था. उन्होंने नंदी हॉल में लगभग दो घंटे बिताए और गर्भगृह के द्वार से बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया था. इसके अलावा टीम इंडिया के कई अन्य खिलाड़ी और दिग्गज भी सफलता की प्रार्थना करने के लिए नियमित रूप से महाकाल मंदिर जाते रहे हैं.
आज खेला जाएगा मैच
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी-20 आज इंदौर में खेला जाएगा. मैच शाम 7 बजे होलकर स्टेडियम में शुरू होगा. 5 मैचों की सीरीज अभी 1-1 से बराबर है. पहले दोनों मैचों में 72 ओवर में 844 रन बन चुके हैं, इसलिए आज भी बड़े स्कोर की उम्मीद है. भारत ने इसी मैदान पर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 260 रन बनाए थे. पहले टी-20 में भारत ने 172 रन का टारगेट 14.4 ओवर में ही पूरा कर लिया था. वहीं दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने 250 रन का बड़ा टारगेट 9 गेंद बाकी रहते चेज कर लिया था.