कचरे में दबा न्यूटन का स्वच्छता मॉडल! 4 महीने से बंद प्लांट, खाद बनाने का काम ठप
छिंदवाड़ा के न्यूटन चिखली नगर परिषद का कचरा प्रसंस्करण केंद्र पिछले 3-4 महीने से बंद है, जिसके चलते गीला-सूखा कचरा एक साथ खुले में जमा हो रहा है और कचरे से उठते धुएं ने प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
छिंदवाड़ा के परासिया तहसील के अंतर्गत आने वाली न्यूटन चिखली नगर परिषद के ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण केंद्र मतलब कचरा घर की स्थिति कुछ और ही बयां करती है. कचरा गाड़ी हर वार्ड से कचरा एकत्रित तो करती है, लेकिन यहां सारा कचरा एक साथ ही इकट्ठा किया जा रहा है.
इकाई का निर्माण 2021 में हुआ, लेकिन पिछले 3 से 4 महीने से यह बंद है न तो कचरे से खाद्य बनायी जा रही है न ही कचरे को अलग अलग इकठ्ठा किया जा रहा है . यहां तक कि कचरे के ढेर में से धुआं भी उठता हुआ दिखाई दिया, जो प्रदूषण को भी न्योता देता दिखाई दिया.
इकाई प्रभारी शब्बीर एहमद ने बताया कि नई इकाई बनाई जा रही है, जिसके कारण इकाई बंद पड़ी है और इकाई से कचरा जबलपुर भेजने की तैयारी की जा रही है. मगर गीला और सूखा कचरा पूरा एक साथ ही भेजा जाएगा. इकाई में खुले में कचरा इक्ट्ठा किया जा रहा है और नई इकाई बनाने में भी अभी 3 महीने से ज्यादा का समय लग सकता है.
वहीं न्यूटन चिखली नगर परिषद की अध्यक्ष अनुपमा हेमंत राय ने बताया कि डोर टू डोर कचरा उठाने की व्यवस्था तो है. गीला और सूखा कचरा इक्ट्ठा करने की व्यवस्था भी है, लेकिन नया प्लांट शुरू होने में अभी भी 1 महीने से ज्यादा का समय लग सकता है. हमारे द्वारा NGO को भी हायर किया गया है लोगो को भी इसकी समझाइश दी जा रही है. खाद्य बनाने का भी कार्य यहां किया जाएगा, जैसे ही इकाई की शुरुआत हो जाएगी.
फिलहाल न्यूटन चिखली में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था ठप होने से खुले में कचरा जमा हो रहा है और उससे उठता धुआं पर्यावरण के लिए चिंता बढ़ा रहा है. अब देखना होगा कि नगर परिषद का नया प्लांट कब तक शुरू होता है और गीले-सूखे कचरे के अलग-अलग निस्तारण का दावा कब जमीन पर उतरता है.
(छिंदवाड़ा से अंकित वाइकर की रिपोर्ट)