)
सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में रविवार तड़के करीब 3 बजे तीर्थयात्रियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर झूरी नदी में जा गिरी. हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी फैल गई. इसी दौरान वहां से गुजर पहे पैदल तीर्थयात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए नदी में उतरकर बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला. अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को चित्रकूट के जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कानपुर के रहने वाले सुनील गुप्ता (50) और हिमांशु सिंह सेंगर (30) के तौर पर हुई है.
कानपुर से मैहर जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक बोलेरो में सवार सभी छह यात्री उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं. सभी कानपुर से मैहर स्थित मां शारदा के दर्शन के लिए जा रहे थे. जैसे ही वाहन झूरी नदी के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे नदी में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. उसी दौरान सड़क से गुजर रहे पैदल तीर्थयात्रियों ने मानवता की मिसाल पेश की. उन्होंने बिना देर किए नदी में उतरकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला. सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत जानकीकुंड अस्पताल, चित्रकूट पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
मृतकों की पहचान
1. सुनील गुप्ता (50), पिता मूलचंद गुप्ता, निवासी द्विवेदी नगर गल्ला मंडी, थाना नौबस्ता, कानपुर
2. हिमांशु सिंह सेंगर (30), पिता स्व. दिनेश सिंह सेंगर, निवासी गंगापुर कॉलोनी यशोदा नगर, कानपुर
चार घायल
1. राजकुमार गुप्ता (37), ग्राम टेढ़ा, हमीरपुर
2. गोपाल तिवारी (42), संजय गांधी नगर, नौबस्ता, कानपुर
3. दीपक तिवारी (35), नौबस्ता, कानपुर
4. राहुल पांडे (35), गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर
अलीराजपुर में 2 युवकों की मौत
वहीं, शनिवार रात अलीराजपुर जिले के नानपुर पुलिस स्टेशन इलाके के फाटा गांव में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ. इस घटना के बाद इलाके में मातम छा गया है. हादसा शनिवार रात करीब 9:30 बजे हुआ. अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से भाडू के बेटे राजेश चौहान (34) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं इडलसिंह के बेटे दिनेश भिंडे (30) की नानपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.