)
केंद्रीय मंत्री गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने भोपाल में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. भोपाल के दशहरा मैदान में 11 जिलों के लगभग 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में उन्होंने गोशालाओं को 101 करोड़ रुपए दिए. वहीं, गृहमंत्री ने उज्जैन में बन रहे 255 करोड़ के डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन भी किया.
इस मौके पर गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह संबोधित करते हुए नशा को लेकर बड़ा ऐलान किया है. गृहमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को नशा मुक्त बनाएंगे. इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि 2029 से पहले मध्य प्रदेश नशा मुक्त हो जाएगा. गृहमंत्री ने कहा मैं मध्य प्रदेश के अभिभावकों को, खासकर माताओं से कहने आया हूं कि 31 दिसंबर 2029 के बाद किसी भी बेटे-बेटी के लिए नशे की जगह नहीं होगी. इस दौरान उन्होंने सीएम मोहन यादव के साथ बैठक करने की बात कही.
मोदी सरकार गोबर से बायोगैस, जैविक उर्वरक और दुग्ध उत्पादों की प्रोसेसिंग से लेकर बाजार तक पहुंच का पूरा इकोसिस्टम विकसित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही है। भोपाल में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन से लाइव... https://t.co/CYzydjNwkx
— Amit Shah (@AmitShah) October 3, 2026
गृहमंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना
वहीं केंद्रीय गृहमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है. अमित शाह ने कहा कि कांग्रेसियों ने 75 सालों तक सहकारिता विभाग नहीं बनने दिया. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय बना तो इसका सीधा फायदा किसानों को होगा. उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा कि कांग्रेस अलग-अलग मुद्दे पर विरोध करती है. इसका हिसाब देने के लिए आया हूं.
देश में कितना होता है दूध उत्पादन
प्रदेश में दूध उत्पादन को लेकर अमित शाह ने कहा कि 75 सालों में देश में सिर्फ दूध का उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन पहुंच पाया था. पीएम मोदी के नेतृत्व में 10 साल के अंदर 25 करोड़ तक पहुंचाने का काम किया गया है. गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि ये सब इस लिए होता है, कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें लगन से काम कर रही हैं.
पशुपालकों को फायदा नहीं दिया
पशुपालकों के मुद्दे पर भी गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी पशुपालकों को फायदा नहीं दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम विरोध करना, भ्रम फैलाना है. वहीं उन्होंने सीएम मोहन यादव की जमकर तारीफ की. अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद एक गोपालक हैं. इस पर आगे कहा कि 50 लाख लीटर दूध उत्पादन का संकल्प पूरा करना है. मैने मुख्यमंत्री से 50 एकड़ जमीन मांगी थी. उन्होंने सैद्धांतिक सहमति दे दी है. इस जमीन पर नस्ल सुधारने का काम किया जाएगा.
देश में श्वेत क्रांति 2.0 की शुरुआत
गृहमंत्री अमित शाह ने आगे बोलते हुए कहा कि 50 लाख लीटर दूध उत्पादन का टारगेट कठिन है. लेकिन मैं मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ कंधे से कंधे मिलाकर काम करूंगा. उन्होंने कहा कि दुनिया में दूध उत्पादन के मामले में भारत सबसे आगे है. इनमें टॉप पांच राज्य शामिल हैं. पहला उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र बीजेपी शासित राज्य शामिल हैं. गृहमंत्री ने कहा कि देश के अंदर श्वेत क्रांति 2.0 की शुरुआत की है. सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश में ही डेरी बनने वाली हैं.