भोपाल: प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्रों को TI ने सरेआम दी गालियां और धमकी, वीडियो वायरल होने के बाद हुए सस्पेंड
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मिसरोद थाने के टीआई (थाना प्रभारी) रतन सिंह परिहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्रों को सरेआम गालियां देते और धमकाते नजर आ रहे हैं. छात्रों को गाली देते हुए उन्होंने कहा कि यहीं कूट दूंगा.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से कानून व्यवस्था और खाकी की कार्यप्रणाली को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मिसरोद थाने के टीआई (थाना प्रभारी) रतन सिंह परिहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्रों को सरेआम गालियां देते और धमकाते नजर आ रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद आदिवासी संगठनों में भारी आक्रोश था. इसके बाद आखिरकार पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाते हुए आरोपी टीआई को निलंबित करना पड़ा है.
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के स्टूडेंट विंग की ओर से छात्रों से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण समस्याओं और मांगों को लेकर मिसरोद थाना क्षेत्र में एक प्रदर्शन का आयोजन किया गया था. छात्रों का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे, तभी वहां मौजूद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार अपना आपा खो बैठे.
TI ने सरेआम दी गालियां और धमकी
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि टीआई किस लहजे में प्रदर्शनकारियों से बात कर रहे हैं. छात्रों के प्रदर्शन के दौरान टीआई ने न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि उन्हें खुलेआम यह धमकी भी दी कि 'यहीं कूट दूंगा.' पुलिस अधिकारी के इस तरह की भाषा का वीडियो वायरल होने के बाद से सवाल उठ रहा था.
वीडियो वायरल होने के बाद मचा घमासान
वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने के बाद आदिवासी समाज के लोगों, विभिन्न छात्र संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने तीखा रोष व्यक्त किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कई आदिवासी विधायकों और प्रमुख संगठनों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से संपर्क कर आरोपी टीआई के खिलाफ तुरंत सख्त वैधानिक कार्रवाई और निलंबन की मांग की थी. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अगर आम जनता और छात्रों के साथ पुलिस का बिहेवियर इस तरह का होगा, तो आम नागरिक अपनी न्याय की गुहार लेकर कहां जाएंगे.
डीसीपी जोन 2 ने किया सस्पेंड
मामले के तूल पकड़ने और सोशल मीडिया पर चौतरफा आलोचना होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया. पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जोन 2 ने मामले की जांच के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए मिसरोद टीआई रतन सिंह परिहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है. प्रशासन की ओर से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि खाकी की आड़ में इस तरह का अनुशासनहीन और अमर्यादित व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.